लालपुर पुलिस की सक्रियता से टली अनहोनी रात्रि गश्त के दौरान मिली नाबालिग, डांट-फटकार से नाराज होकर निकली थी घर से
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़ )
थाना लालपुर पुलिस की सतर्क रात्रि पेट्रोलिंग ने एक बड़ी अनहोनी घटना को टाल दिया। बीती रात करीब 1 बजे पुलिस को गश्त के दौरान एक नाबालिग लड़की सुनसान सड़क पर बैग लिए हुए अकेली घूमते मिली। संदिग्ध प्रतीत होने पर जब पुलिस ने पूछताछ की तो पहले उसने अपना नाम-पता छिपाकर गुमराह करने की कोशिश की। थोड़ी देर बाद पुलिस ने समझाइश और प्यार से बातचीत की तो लड़की ने सच बताया कि वह ग्राम गुरुबाईन डबरी की रहने वाली है।
उसने बताया कि पिता की डांट-फटकार से नाराज होकर रात में ही घर छोड़कर निकल गई थी। पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और परिजनों को सूचना देकर रात में ही सुपुर्द कर दिया। लड़की के परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “अगर आप लोग समय पर नहीं मिलते, तो शायद हम अपनी बच्ची को खो देते… थैंक यू साहेब।”
इस घटना पर पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी कि बच्चों के साथ नरमी से पेश आएं और अधिक डांट-फटकार से बचें, जिससे वे मानसिक रूप से आहत होकर गलत कदम न उठाएं। इस सराहनीय कार्य में थाना लालपुर के स.उ.नि. दिलीप प्रभाकर और आरक्षक जासेल नेताम की अहम भूमिका रही। उनकी सतर्कता और संवेदनशीलता के कारण एक मासूम की जिंदगी सुरक्षित बच सकी।