मुंगेली पुलिस को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ में मिली सफलता, 72 घंटे के भीतर रायपुर से दो नाबालिग बालक बरामद
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली (बिहान छत्तीसगढ़ ) ।
जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गुम हुए दो नाबालिग बच्चों को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर रायपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया।
बच्चों की सकुशल वापसी से परिवार के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।जानकारी के अनुसार, 14 सितम्बर को नगर विनोबा नगर निवासी परिजनों ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 सितम्बर को उनके दो नाबालिग पुत्र घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं और घर वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों और आसपास खोजबीन की गई लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 409, 410/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बच्चों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश देते हुए थाना सिटी कोतवाली की विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए रायपुर-नागपुर की ओर सर्च ऑपरेशन चलाया और दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे नागपुर घूमने जा रहे थे और किसी अप्रिय घटना का शिकार नहीं हुए।
बाद में दोनों को सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया गया। इसी के साथ जिले में गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन तलाश’ के तहत भी सफलता मिली। पुलिस ने 16 सितम्बर को 2 महिलाओं और 1 पुरुष को खोजकर परिजनों तक पहुंचाया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक भानुप्रताप बर्मन, प्रधान आरक्षक तारे कश्यप, आरक्षक बाली ध्रुव, रवि जांगड़े, रामकिशोर कश्यप और अरुण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।