क्राइम

मुंगेली में सनसनी: दाबो गांव के पास युवक की पीट-पीटकर हत्या, सड़क पर शव रखकर परिजनों का हंगामा

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली मुंगेली/सेतगंगा(बिहान छत्तीसगढ़) 

जिले में बुधवार 10 सितंबर की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। शुक्ला भट्ठा निवासी हेमूप्रसाद साहू पिता दिनेश साहू (उम्र 32 वर्ष) की अज्ञात हमलावरों ने दाबो गांव के पास बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। यह घटना रात करीब 8:20 बजे की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। वहीं, फास्टरपुर सेतगंगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

परिजनों का बवाल: सड़क पर शव रखकर जाम

गुरुवार सुबह मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने घंटों तक सड़क जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों की मांग थी कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए। इस दौरान मौके पर हालात तनावपूर्ण रहे। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर घटना पर गुस्सा जाहिर करते रहे। पुलिस बल को भीड़ को शांत कराने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

ग्रामीणों का आक्रोश और आरोप : ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं। नशे और असामाजिक गतिविधियों के चलते गांवों में भय का माहौल है। यदि इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन को और उग्र करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि अब ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इलाके में फैली सनसनी ; हेमूप्रसाद साहू की निर्मम हत्या से मुंगेली और सेतगंगा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आसपास के गांवों के लोग भी घटना स्थल पर पहुंचकर दुख और आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने होंगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

पुलिस की कार्रवाई और जांच : फास्टरपुर/सेतगंगा थाना प्रभारी गिरजा शंकर यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान जल्द की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाएगा।

जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर ने कहा कि “दाबो हत्याकांड से पूरा क्षेत्र आहत है। परिजनों और ग्रामीणों की पीड़ा को समझते हुए मैंने मौके पर पहुंचकर उनकी बात सुनी। मैं जनता से अपील करता हूँ कि शांति बनाए रखें। साथ ही पुलिस प्रशासन से मांग करता हूँ कि जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर सख़्त कार्रवाई की जाए।”

Leave Your Comment

Click to reload image