मां के कैरेक्टर पर किया शक, पिता को मार-डाला
कोरबा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मां के कैरेक्टर पर शक को लेकर हुए विवाद में नाबालिग बेटे ने पिता की हत्या कर दी। पति नशे में पत्नी से झगड़ा कर रहा था। गुस्साए बेटे ने पिता को टोका तो वह भड़क गया। बेटे को मारने के लिए दौड़ाने लगा। इस दौरान नाबालिग ने फावड़ा उठाया और पिता को ही मार डाला। यह घटना करतला थाना क्षेत्र की है।
कोरबा के करतला इलाके के प्रधान पारा में रहने वाले धनीराम यादव (40) की हत्या हुई है। वह पेशे से मजदूर था। वह अपनी पत्नी के कैरेक्टर पर शका करता था और आए दिन झगड़ा करता था। रक्षाबंधन वाले दिन भी वह शराब पीकर पत्नी से विवाद कर रहा था। जिसके बाद उसने खाना भी बाहर फेंक दिया।
जब 16 साल के बेटे ने टोका तो, वह उसे मारने के लिए फावड़ा लेकर दौड़ाने लगा। इस दौरान उसने पिता से फावड़ा छीन लिया और गुस्से में आकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आने के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के लगभग 4 घंटे बाद आसपास के लोगों को पता चला कि बेटे ने धनीराम को मार दिया है। इसके बाद करतला पुलिस को जानकारी दी गई। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लेकर किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया। थाना प्रभारी केके वर्मा ने बताया कि चरित्र शंका को लेकर पति पत्नी से विवाद करता था। घटना वाले दिन भी दोनों में झगड़ा हुआ था। खाना फेंकने पर बेटे ने विरोध किया, तो वह उसे मारने के लिए दौड़ा। लेकिन फावड़ा छीनकर बेटे ने ही पिता को मार दिया। नाबालिग को हिरासत में लेकर सुधार गृह भेज दिया गया है।