रायपुर में मिली मां-बेटी की लाश....जहर देकर मारने की आशंका
तिल्दा, रायपुर
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थतियों में लाश मिली है। महिला बेटी-बेटे के साथ बलौदाबाजार से भाई को राखी बांधने आई थी। जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। मामला तिल्दा के खरोरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतिका का नाम बिंद बाई चतुर्वेदी (55) है, वह परसाडीह (बलौदाबाजार) की रहने वाली थीं। जबकि बेटी उषा मनहरे (30) तिल्दा में रहती थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल, पचरी गांव में रक्षाबंधन की शाम बिंद बाई का बेटा तालाब से वापस लौटा। इस दौरान उसने मां और बहन को जमीन पर तड़पते देखा। मृतिका के बेटे ने आनन-फानन में पड़ोसियों को बुलाया और एक स्थानीय डॉक्टर को जानकारी दी।
डॉक्टर मौके पर पहुंचे, लेकिन मामले की स्थिति और पीड़ितों की हालत को देखते हुए इलाज करने से मना कर दिया। उस समय घर में मृतिका का भाई मौजूद नहीं था।
पड़ोसियों के मुताबिक, घर में सुबह से ही झगड़े की आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को आशंका है कि विवाद का इस घटना से संबंध हो सकता है। जहर देकर मारने की भी आशंका जताई जा रही है। खरोरा थाना के टीआई कृष्णा कुशवाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जहर से मौत की आशंका है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के कारण मौत हुई या आत्महत्या की वजह से। मौत की वजह जानने के लिए लाशों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।