रायपुर में जर्मन-शेफर्ड खरीदने घर में विवाद..मां की हत्या
रायपुर /
रायपुर में जर्मन शेफर्ड कुत्ता खरीदने के लिए एक सनकी बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी है। बेटे ने अपनी मां से 200 रुपए मांगे। जब मां ने मना किया तो उसने हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इस हमले में मां की मौत हो गई। आरोपी की पत्नी ने बीच बचाव किया तो उस पर भी सनकी आरोपी ने हमला कर दिया। फिलहाल पत्नी का अस्पताल में इलाज जारी है। मामला उरला थाना क्षेत्र के नागेश्वर नगर का है। उरला थाना प्रभारी बीएल चंद्राकर से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रदीप देवांगन (45 साल) ई रिक्शा चलाता है। यह घटना शुक्रवार सुबह की है। कुत्ता खरीदने की बात को लेकर घर में विवाद हुआ। पैसे नहीं देने पर प्रदीप देवांगन ने 70 साल की बुजुर्ग मां गणेशी देवांगन पर हमला किया।
बुजुर्ग महिला पर जब हमला हुआ तो वह बिस्तर पर थी। बिस्तर के साथ ही फर्श पर भी खून फैल गया। हमले के बाद जब बुजुर्ग महिला चीखने लगी तो आरोपी की पत्नी रामेश्वरी देवांगन कमरे के अंदर आई। आरोपी ने गुस्से में अपनी पत्नी पर भी हमला कर दिया।

आरोपी प्रदीप देवांगन के 3 बच्चें है। जिसमें एक 15 साल का लड़का, एक 13 साल की लड़की और एक 8 साल का लड़का है। वारदात के दौरान बड़े बेटे ने आस पड़ोस के लोगों को जाकर पूरी घटना बताई। जिसके बाद पड़ोसी घर के भीतर पहुंचे तो बुजुर्ग महिला की लाश और पत्नी जख्मी हालत में पड़ी हुई थी। इसके बाद पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी गई। पुलिस को जांच पड़ताल में पता चला है कि आरोपी जर्मन शेफर्ड कुत्ते को पालने के लिए घर लाना चाहता था। कुत्ते की कीमत करीब 800 रुपए थी। आरोपी ने 600 रुपए जमा कर लिए थे। उसे 200 रुपए की जरूरत थी। इसी पैसों को लेकर उसने मां का मर्डर कर दिया।
इस मामले को लेकर ASP लखन पटले ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी मौके से फरार है। पुलिस टीम आरोपी की खोजबीन में जुटी है। आरोपी की पत्नी की हालत सामान्य है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।