रावाभाठा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से दहशत, पुलिस ने घेरा इलाका
रायपुर । रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन मकान से संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल बम स्क्वॉड, फॉरेंसिक एक्सपर्ट, साइबर टीम और स्थानीय पुलिस को मौके पर रवाना किया गया। मामला खमतराई थाना क्षेत्र के फुलवारी चौक वार्ड क्रमांक-13 का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुष्पा साहू नामक महिला के निर्माणाधीन मकान में एक संदिग्ध बैग रखा होने की सूचना पुलिस को मिली थी। जिसकी सूचना स्वयं महिला ने वार्ड पार्षद को दी थी । और फिर पुलिस तक सूचना पहुंचने की बात सामने आई है । शुरुआती जांच में बैग के भीतर वायर, बैटरी, एयरगन, केमिकल से भरी बोतलें और डेटोनेटर जैसे दिखने वाले उपकरण बरामद किए गए। इसके अलावा कुछ ऐसा रॉ मटेरियल भी मिला है, जिसका उपयोग देसी बम तैयार करने में किया जा सकता है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को तत्काल खाली करवाकर घेराबंदी कर दी, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी मौके पर पहुंचे और जांच अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और आने-जाने वालों की पहचान की जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह सामान विजय देवांगन नामक व्यक्ति से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि करने से इनकार किया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर यह सामग्री वहां किस उद्देश्य से रखी गई थी और क्या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की तैयारी तो नहीं थी।
फिलहाल पुलिस ने मामले को बेहद संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में दिनभर लोगों की भीड़ जुटी रही और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।