राज्य
संत जेवियर स्कूल बरमकेला में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
बरमकेला / बरमकेला ब्लॉक के संत जेवियर स्कूल में वार्षिक समारोह (एनुअल फंक्शन) का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विद्या किशोर चौहान, जनपद अध्यक्ष बरमकेला उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष बरमकेला सत्यभामा मनोहर नायक ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत उपाध्यक्ष बरमकेला राजू नायक मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी। नृत्य, गीत, नाटक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और अनुशासन की सभी ने सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. विद्या किशोर चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। नगर पंचायत अध्यक्ष सत्यभामा मनोहर नायक एवं उपाध्यक्ष राजू नायक ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
जैत खंभ की पूजा के साथ धूमधाम से मनी गुरु घासीदास की 269वीं जयंती, सामाजिक समरसता का दिया संदेश
बरमकेला।
बरमकेला क्षेत्र में गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। खरवानी पारा, सारंगढ़ रोड स्थित जैत खंभ में आयोजित इस कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। जयंती के अवसर पर जैत खंभ पर श्वेत पताका फहराई गई तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रसाद का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन एवं युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर डॉ. विद्या चौहान अध्यक्ष जनपद पंचायत, डॉ. अभिलाषा नायक जिला पंचायत सदस्य, मनोहर नायक विधायक प्रतिनिधि, राजू नायक उपाध्यक्ष नगर पंचायत, हेमसागर नायक पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, मोहन नायक करिया गौंटिया सदस्य गौ सेवा आयोग जिला स्तरीय समिति, पुनीत राम चौहान पूर्व अनुसूचित जाति आयोग सदस्य, ओमप्रकाश पिंटू चौहान जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि, खगेश्वर रात्रे जिला सरपंच संघ अध्यक्ष, उज्ज्वल मिरी सरपंच, चंदा मिरी बीडीसी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही छत्तीसगढ़ प्रगतिशील सतनामी समाज के पदाधिकारी व वरिष्ठजन—परखीत रात्रे अध्यक्ष, जगत राम उपाध्यक्ष, सहसराम नवरंगे गुरुजी, जयलाल रात्रे संरक्षक, एस.एल. बंजारे, विजय भारती, दादू भारती, हेमलाल गुरुजी, संजय मिरी, राजकुमार, शोभा रात्रे, गाड़ाराम ओगरे, सुखीराम नौरंगे, मंगलू भारती तथा युवा प्रकोष्ठ के संजय कुर्रे, राजू भारती, बब्बन भारती, जगमोहन मिरी, मकरध्वज रात्रे, सदानंद रात्रे, हरि भारती, लकेश्वर टंडन, तुलाराम रात्रे, विक्रम, खुशीराम, प्रकाश, गिरिराज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गुरु घासीदास जी ने “मनखे-मनखे एक समान” का अमर संदेश देकर समाज को समानता, सत्य और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने बाबा द्वारा बताए गए सत्मार्ग पर चलकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द और एकता का सशक्त संदेश दिया गया, जिससे क्षेत्र में उत्सव और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
गुरु घासीदास रजत जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सतनामी समाज को दिया भरोसा
सारंगढ़।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव देव साय आज सारंगढ़ के दौरे पर रहे। वे यहां आयोजित तीन दिवसीय गुरु घासीदास रजत जयंती समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सारंगढ़ पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ मंत्री गुरु खुशवंत साहेब एवं मंत्री टंकराम वर्मा भी उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम विशेष रूप से सतनामी समाज के लिए आयोजित किया गया था। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और समाज के उत्थान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पुष्प बाटिका को लेकर सतनामी समाज को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि यह स्थान पूर्व में छोटे-छोटे झाड़ियों का जंगल था, लेकिन अब इसे लेकर किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। सरकार समाज की आस्था और भावनाओं का पूरा सम्मान करेगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अधिकारियों के बिना जानकारी के जलसों धान मंडी व प्रबंधक बन गए
बिलासपुर – मस्तुरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जलसों मे एक नवीन धान मंडी बनाया गया साथ ही संस्था प्रबंधक भी बनाए गए लेकीन ये नहीं पता की किसने संस्था प्रबंधक बनाया ना ही वैकेंसी निकाली ना ही कोई प्रेस विज्ञप्ति जारी किया फिर भी भरारी धान मंडी मे पदस्त जगजीवन कुर्रे का भाई आकाश कुर्रे नवीन धान मंडी का संस्था प्रबंधक बनाया गया आखिरकार क्या है पूरा मामला क्या अंदरूनी जाल साज करके नियुक्त किया गया, नेताओं के बल भूते प्रबंधक बने हैं। क्योंकी जब इस विषय पर खाद्य अधिकारी गोधूली वर्मा से जानकारी लिया गया तो उन्होंने कहा की मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।
सहकारिता विभाग के डी. आर. से भी जानकारी लिया गया तो उन्होंने भी का कहा की मुझे इसके बारे मे जानकारी नहीं है।
सहकारिता विभाग के सभापति नरेंद्र नायक से भी पूछा गया तो उन्होंने भी कहा की मुझे इसके विषय में कोई जानकारी नहीं दिया गया है, हालाकि मुझे इस कार्यक्रम में बुलाया गया था।
सहकारिता विभाग के सुपर वाइजर बिंदा भारद्वाज ने भी कहा की ऐसा कोई जानकारी नहीं दिया गया है।
हमने मल्हार के जिला सहकारी बैंक प्रबंधन नरेंद्र कुमार राय से जानकारी लिया तो उन्होंने भी कहा की मुझे इसकी जानकारी नहीं है।
सोसाइटी अध्यक्ष द्वारिका टंडन को भी नहीं पता है।
अब ऐसे में सोचने वाली बात है की जब किसी भी अधिकारी कर्मचारी को इस की जानकारी ही नहीं है तो ये नियुक्ति किसने दी है? इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे डॉ. कृष्ण मूर्ति बांधी से भी पूछा गया तो उन्होंने भी बात को घुमाने लगा और जवाब नहीं दिया गया। इससे साफ पता चलता है की ये गोपनीय तरीके से फर्जी नियुक्ति इसी ने करवाई होगी क्योंकि या व्यक्ति मंत्री भी रह चुके है। जो डबल इंजन की सरकार होने का राजनैतिक प्रभाव दिखा रहा है, सूत्रों से पता चला है की इस फर्जी नियुक्ति में इन्हीं का सर्वोत्तम हाथ है।
ग्राम पंचायत छतवन में फर्जी मास्टर रोल और आवास पूर्ण दिखाकर राशि आहरण का आरोप
गोविन्द राम ब्यूरो चीफ
कसडोल:जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत छतवन में ग्राम रोजगार सहायक एवं आवास मित्र पर फर्जी मास्टर रोल संधारित कर तथा अपूर्ण प्रधानमंत्री आवास को पूर्ण दर्शाकर राशि आहरण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपते हुए जांच एवं दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में उल्लेख है कि ग्राम पंचायत छतवन की नवनिर्वाचित सरपंच के प्रधानमंत्री आवास एवं शोकपीट निर्माण कार्य में मास्टर रोल संधारित किया गया, जिसमें आवास मित्र और पंचायत चपरासी के माता-पिता सहित अन्य ग्रामीणों के नाम से कथित तौर पर फर्जी प्रविष्टियां की गईं। आरोप है कि इन मास्टर रोल के आधार पर ग्राम रोजगार सहायक पुरुषोत्तम पटेल द्वारा मजदूरी राशि का आहरण कर लिया गया।
शिकायतकर्ता ने दस्तावेज संलग्न करते हुए बताया कि हराबाई निषाद पति चमरू निषाद तथा प्रेमलाल साहू पिता रामेश्वर साहू के नाम से प्रधानमंत्री आवास की मजदूरी राशि आहरण से संबंधित मास्टर रोल की छायाप्रतियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही यह भी प्रश्न उठाया गया है कि क्या जनप्रतिनिधि द्वारा मजदूरी मूलक कार्य किया जा सकता है, जबकि नवनिर्वाचित सरपंच का नाम भी कथित रूप से मास्टर रोल में दर्शाया गया है।
इसके अलावा करमसिंग पिता गजानंद एवं फुलसिंग साहू पिता झुनुकराम साहू के संबंध में यह आरोप लगाया गया है कि उनके कार्य के बावजूद प्रधानमंत्री आवास में वर्क कोड पर मास्टर रोल संधारित नहीं किया गया। वहीं, आवास मित्र युवराज दिवान पर दुलेसर बाई पति तीजऊ राम के प्रधानमंत्री आवास को केवल छत स्तर पर होने के बावजूद पूर्ण दिखाकर मजदूरी एवं सामग्री की पूरी राशि आहरित करने का आरोप है। शिकायत के साथ वर्तमान स्थिति की फोटो एवं जियो-टैग फोटो की छायाप्रतियां भी संलग्न बताई गई हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रोजगार सहायक एवं आवास मित्र द्वारा शासन और पंचायत दोनों को गुमराह कर वित्तीय अनियमितता की गई है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले में जांच के आदेश या कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जिला जांजगीर चांपा ब्लॉक नवागढ़
सुकली धुरकोट के बीच एक अज्ञात व्यक्ति बाइक से गिरकर आई गंभीर चोटे तत्काल 112 को कॉल किया गया लगातार दुर्घटना जांजगीर जिला में बढ़ता ही जा रहा है न जाने दुर्घटना कब थमने का नाम नहीं ले रहा है जिला जांजगीर चांपा खेड़ा रोड का रोड स्थिति गंभीर है जगह-जगह पर पीडब्ल्यूडी की रिपेयरिंग वाला रोड के कारण दुर्घटना बढ़ रहा है
धान खरीदी टोकन की समस्या से परेशान किसानों ने किया राष्ट्रीय राजमार्ग जाम
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर - धान खरीदी केंद्र राजपुर में टोकन की समस्या को लेकर परेशान किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 343 को जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि वे बीते पंद्रह दिनों से धान बेचने के लिए टोकन कटवाने का प्रयास कर रहे हैं। धान खरीदी केंद्र के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी बार-बार प्रयास करने के बावजूद उनका टोकन नहीं कट पा रहा है।
टोकन की समस्या से आक्रोशित किसानों ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुरनचंद्र जायसवाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया और टोकन जारी करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
चक्का जाम की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम राजपुर देवेंद्र प्रधान ने किसानों से चर्चा की। उन्होंने धान खरीदी केंद्र राजपुर की खरीदी सीमा (लिमिट) बढ़ाने के लिए बलरामपुर कलेक्टर से चर्चा कर एक सप्ताह के भीतर लिमिट बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने चक्का जाम समाप्त किया।
गौरतलब है कि वर्तमान में राजपुर धान खरीदी केंद्र की खरीदी सीमा मात्र 2000 क्विंटल है, जिससे किसानों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अभी 19 जनवरी तक के टोकन पहले से कटे हुए हैं। यदि समय रहते लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो कई किसान धान बेचने से वंचित रह सकते हैं।
जल्द बढ़ेगी बलरामपुर में भी धान खरीदी की लिमिट — शिवनाथ यादव
धान खरीदी केंद्र राजपुर में टोकन की समस्या को लेकर हुए चक्का जाम के दौरान मौके पर पहुंचे भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने कहा कि वर्तमान में सूरजपुर जिले में धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जा चुकी है और जल्द ही बलरामपुर जिले में भी लिमिट बढ़ाई जाएगी। इस संबंध में बलरामपुर कलेक्टर से चर्चा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों का पूरा धान खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
धान टोकन को लेकर ऑपरेटर का अभद्र जवाब 'कलेक्टर से कटवा लीजिए, जल्दी कट जाएगा
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर - धान खरीदी की अव्यवस्था को लेकर पहले से ही सुर्खियों में रहा धान खरीदी केंद्र राजपुर एक बार फिर चर्चा में है। यहां टोकन की जानकारी लेने के लिए किसान लगातार चक्कर काटने को मजबूर हैं। वहीं टोकन से संबंधित जानकारी मांगने पर केंद्र में पदस्थ ऑपरेटर का व्यवहार किसानों के प्रति अभद्र बताया जा रहा है।
ग्राम पतरातु निवासी किसान हरि नारायण पिछले दस दिनों से धान खरीदी केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं। सोमवार को जब उन्होंने ऑपरेटर से टोकन के संबंध में जानकारी चाही तो ऑपरेटर ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा— “कलेक्टर से कटवा लीजिए, जल्दी कट जाएगा।” इस जवाब के बाद से किसानों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है।
किसानों का कहना है कि समिति परिसर में धान बेचने आए किसानों के लिए न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही पेयजल की सुविधा। मजबूरी में किसानों को जमीन पर बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार किया जाए तथा संबंधित कर्मचारियों को किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं।
प्रशासन की चुप्पी और सफेदपोशों की मिलीभगत से फल-फूल रहा काला कारोबार
नगर एवं जिले में अवैध प्लॉटिंग का साम्राज्य
चांपा, चाम्पा सहित पूरे जिले में अवैध प्लॉटिंग का कारोबार इन दिनों अपने चरम पर है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा न तो रखड़ पाटने (फिलिंग) की अनुमति दी जाती है और न ही अनियमित प्लॉटिंग की, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई दे रही है। चाम्पा शहर सहित जिले के कई हिस्सों में खुलेआम गड्ढों को भरकर जमीन तैयार की जा रही है और फिर उसकी प्लॉटिंग कर आम लोगों को “सस्ते निवेश” का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की जा रही है।
कैसे चलता है अवैध प्लॉटिंग का खेल
स्थानीय स्रोतों के अनुसार यह पूरा काराेबार एक सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा है। इसकी प्रक्रिया कुछ इस प्रकार है। पहला चरण में अवैध कारोबारी शहर एवं जिले भर के भीतर या आसपास ऐसे खाली प्लॉटों की तलाश करते हैं जिनमें गड्ढे, नाले या नीची जमीन हो। दूसरा चरण में भूमि मालिक से सस्ते सौदे की आड़ में प्लॉट खरीद लिया जाता है। तीसरा चरण में बिना अनुमति के रातों-रात रखड़ पाटकर जमीन को समतल कर दिया जाता है। चौथा चरण में जमीन को “रेडी टू प्लॉट” बताकर नक्शा पाने का भ्रम फैलाया जाता है। पांचवां चरण में भोले-भाले लोगों को “बेहतरीन निवेश” का झांसा देकर मोटी रकम वसूली जाती है।इस प्रक्रिया में न केवल सरकारी नियमों की धज्जियाँ उड़ाई जाती हैं बल्कि पर्यावरण, जलनिकासी, और नगर विकास की मूल योजनाओं को भी भारी नुकसान पहुंचता है।
अवैध कमााई से बना रहे सफेदपोश छवि
नगर में कुछ ऐसे चेहरे भी हैं जिन्होंने इसी अवैध कमाई से अपना रसूख खड़ा कर लिया है।
समाज में खुद को बड़ा कारोबारी और प्रभावशाली व्यक्तित् दिखाने वाले ये लोग वास्तव में जमीन के अवैध व्यापार के माध्यम से करोड़ों का मुनाफा कमा रहे हैं।
स्थिति यह है कि तगादों और विवादों से बचने के लिए कई लोग किराए के गुर्गों तक रखते हैं, ताकि कोई उन तक आसानी से सवाल लेकर न पहुंच सके।
प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर पालिका क्षेत्र के तहत रखड़ पाटना पूरी तरह प्रतिबंधित है, तो फिर शहर एवं जिले के विभिन्न कोनों में यह काम किसकी शह पर हो रहा है?
क्या अधिकारी इस अवैध गतिविधि से अनजान हैं?
जनता के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि प्रशासन की उदासीनता और कमजोर निगरानी ने ही अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद किए हैं। सरकारी दावे कागजों में सख्त दिखाई देते हैं, लेकिन धरातल पर उनका असर नाममात्र का भी नहीं।
भाजपा सरकार के नियम भी कागज़ों तक सीमित?
छत्तीसगढ़ में भाजपा शासन ने अवैध प्लॉटिंग पर नकेल कसने के लिए कई नए नियम लागू किए हैं। लेकिन चांपा नगर सहित पूरे जिले में स्थिति यह है कि सख्ती सिर्फ आदेशों तक सीमित है। जमीन पर वास्तविक कार्रवाई न होने से अवैध कारोबारी और भी बेखौफ होते जा रहे हैं।
जनता के साथ दोहरी ठगी
अवैध प्लॉटिंग का सबसे बड़ा खामियाज़ा साधारण नागरिकों को भुगतना पड़ता है।
वे न तो वैध नक्शा पा पाते हैं, न रजिस्ट्री पूरी होती है, न भविष्य में सरकारी सुविधाएं मिल पाती हैं। इस प्रकार जनता को पूरी तरह ठगा जा रहा है और बाद में कानूनी झंझटों में फंसना पड़ता है।
क्या प्रशासन अब जागेगा?जिले के उपभोक्ताओं की मांग है कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जाए। अवैध रखड़ पाटने पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी हो, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए, अन्यथा आने वाले दिनों में नगर का भू-परिदृश्य ही बिगड़ जाएगा और जनता के साथ धोखाधड़ी के मामले और बढ़ते जाएंगे।
इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुुए जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि वैसे तो हमारे द्वारा समय समय पर अभियान चला कर अवैध प्लॉटिंग करने वाले के खिलाफ कार्यवाही की जाती है परंतु नगरीय क्षेत्र में निगरानी करने का काम पहले मुख्य नगर पालिका अधिकारी का है और उन्हें इस सम्बन्ध में कार्यवाही करने का अधिकार भी है। अगर किसी की शिकायत प्राप्त होती है को जांच करके कार्यवाही की जाएगी।
जगदलपुर से दिल दहला देने वाली खबर: इलाज के दौरान महिला की मौत, पुलिस जांच शुरू
आज जगदलपुर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ डिमरापाल अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने इस मामले में मर्ग (असामान्य मृत्यु) इंटिमेशन दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। घटना का विवरण,पुलिस थाना फ्रेजरपुर (परपा) से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूचनाकर्ता ज्वाला सिंह पिता भरत सिंह (28 वर्ष, निवासी महाराणा प्रताप वार्ड 47, परपा नाका, जगदलपुर) ने अपनी पत्नी हरदीप कौर (24 वर्ष) को प्रसव पीड़ा के चलते मेडिकल कॉलेज अस्पताल, डिमरापाल में भर्ती कराया था ,भर्ती की तिथि: 12 दिसंबर 2025 को रात्रि 11:00 बजेl
प्रसव पीड़ा उपरांत 13 दिसंबर 2025 को प्रातः 08:45 बजे ऑपरेशन से एक लड़के का जन्म हुआ। सिसरिन ऑपरेशन के बाद सामान्यतः उपचार चल रहा था, लेकिन आज दिनांक 14 दिसंबर 2025 को लगभग 11:30 बजे के आस-पास उनकी पत्नी हरदीप कौर की मृत्यु हो गई।
डॉक्टर एवं मेडिकल स्टाफ से मृत्यु का कारण पूछने पर ,जवाब संदेहास्पद प्राप्त हुआ डॉक्टर ने सूचनाकर्ता को बताया कि मृत्यु 'बीपी हाई हो गया' के कारण हुई है।पुलिस की कार्रवाई
बोधघाट (दरभा) थाने के सहायक उप निरीक्षक ने इस संबंध में धारा 194 BNSS (मर्ग इंटिमेशन) के तहत मर्ग क्रमांक 96/2025 दर्ज किया गया है। सूचना के आधार पर शव का पंचनामा किया जाएगा और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
सूचना मजिस्ट्रेट महोदय जगदलपुर को भी भेजी गई है, जो मामले की न्यायिक निगरानी करेंगे।
यह घटना अस्पताल में उपचार और महिला की अचानक मौत के संबंध में कई सवाल खड़े करती है, जिसकी विस्तृत जाँच होना बाकी है।
NHRCCB बस्तर टीम द्वारा महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न( निवारण,निषेध और रोकथाम)अधिनियम 2013(POSH) ,पर एक दिवसीय कार्यशाला
ब्यूरो चीफ जगदलपुर /NHRCCB छत्तीसगढ़ ,प्रदेश अध्यक्ष श्री जतिंद्रपाल सिंह जी के मार्गदर्शन से राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो (NHRCB), बस्तर एवं MGM स्कूल जगदलपुर के तत्वाधान में को महिला यौन उत्पीडन अधिनियम (POSH) एक्ट पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित किया गया , जिसमें मुख्य वक्ता संभाग अध्यक्ष बस्तर श्री जगमोहन सोनी ने शिक्षकों के समक्ष इस संवेदनशील विषय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
इस अधिनियम की आवश्यकता तथा कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्व को समझाया; कार्यशाला के बाद ICC सदस्यों के लिए एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें POSH एक्ट के अंतर्गत विद्यालय में गठित ICC की संरचना, शिकायत निपटारे की प्रक्रिया, समय‑सीमा और गोपनीयता के महत्व पर चर्चा की गई तथा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में संभागीय उपाध्यक्ष प्रेमदास मानिकपूरी जी,संभागीय सचिव योगेंद्र कश्यप एवं जिला अध्यक्ष धीरेन्द्र पटनायक जी एवं 29 शिक्षक उपस्थित रहे ।
संस्था के प्राचार्य डॉ जस्ट्स जान ने इस कार्यशाला को विद्यालय के स्टाफ को प्रतिभागियों के रूप में होना सरहाना की। अंत में कार्यक्रम का समापन आभार व्यक्त करके किया गया।
आध्यात्मिक और दार्शनिक प्रवचन 30नवम्बर से निरन्तर 21दिन तक प्रवचन चलेगा जिसका समापन 20 दिसंबर को होगा
ज्ञान मार्ग से हम आत्मा और परमात्मा को समझने का प्रयास करते हैं - दार्शनिक स्वामी डॉ युगल शरण महाराज जी का प्रवचन
न्यूज जांजगीर-चांपा । कृपालु जी महाराज के शिष्य डॉ स्वामी युगल शरण जी महाराज के सानिध्य में 30 नवंबर से दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर प्रांगण कोसा ,कांसा और कंचन की नगरी चांपा में 21 दिवसीय अद्वितीय, समन्वयात्मक, विलक्षण धारावाहिक दार्शनिक प्रवचन और रसमय संकीर्तन किया जा रहा हैं । इसका समापन 20 दिसंबर , 2025 को होगा । ब्रज किशोरी सेवा समिति ने भक्तों से शामिल होने का अनुरोध किया हैं ।
ज्ञान मार्ग का विस्तृत विवेचन
विलक्षण दार्शनिक प्रवचन श्रृंखला के 14 वें दिन परम पूज्य स्वामी युगल शरण जी ने ज्ञान मार्ग के विषय में विस्तृत व्याख्या की और कहा अनंत कोटि जीवों में से मनुष्य ही केवल भगवत प्राप्ति कर सकता हैं । क्योंकि मनुष्य का कुछ विशेषता हैं जिसके कारण वह भगवत्प्राप्ति कर सकता हैं । ज्ञान मार्ग एक ऐसा मार्ग हैं जिससे हम अपने जीवन में सकारात्मक दिशा में बदलने के लिए ज्ञान की प्राप्ति करते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान मार्ग में हमें अपने आत्मा और परमात्मा को समझने का प्रयास करना चाहिए ।
वरिष्ठ वैज्ञानिक ने आध्यात्मिक मार्ग चुना
दैनिक बिहान छत्तीसगढ़ के ब्यूरो चीफ जांजगीर-चांपा रमेश कुमार सोनी तथा लेखक दार्शनिक प्रवचन में गोता लगाने वाले शशिभूषण सोनी ने बताया कि डॉ स्वामी युगल शरण जी का जन्म उड़ीसा राज्य के एक वैष्णव परिवार में हुआ था। बचपन से ही साधु संगत उन्होंने पाया और अध्य्यन उपरांत भारत सरकार के अधीनस्थ एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के रूप में दस वर्षों तक अपनी सेवाएं दी । आचार्य श्री ने बताया कि ज्ञान दो प्रकार के होते हैं।
पहला शाब्दिक ज्ञान - शाब्दिक ज्ञान वह होता हैं जब हमें शास्त्रों और पुस्तकों का ज्ञान होता हैं लेकिन हमने इसका प्रैक्टिकल अनुभव अभी तक नहीं किया हैं।
दूसरा हैं अनुभवात्मक ज्ञान - अनुभवात्मक ज्ञान वह होता हैं जब हमने ज्ञान का प्रैक्टिकल अनुभव किया हैं और हमें इसका साक्षात्कार हुआ हैं ।
आत्मज्ञानी और परमात्म ज्ञानी का विवेचन
विशाल पंडाल में जनसमूह को संबोधित किया । प्रवचन स्थल पर जिन महानुभावों को सम्मानित किया गया उनमें मुख्यतः पुलिस अधिक्षक जांजगीर चांपा विजय कुमार पाण्डेय जी , डॉ काशी राठौर, डॉ उमाशंकर दुबे, प्रमोद कुमार खूबचंदानी,और उनकी अर्द्धांगिनी श्रीमति निखार खूब चंदानी,रमेश कुमार सोनी, शशिभूषण सोनी, डॉ रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, मिथलेश द्विवेदी, डॉ जी.पी. दुबे, श्रीमति शशिप्रभा सोनी, प्रभा शर्मा,संतोषी सराफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तगण शामिल रहे। स्वामी जी ने गंगा में डुबकी लगाते हुए कहा कि आत्मज्ञानी और परमात्म ज्ञानी दो प्रकार के ज्ञानी होते हैं ।
आत्मज्ञानी - आत्मज्ञानी वह होता हैं जो अपने आत्मा को जानता हैं लेकिन अभी पूर्ण ज्ञानी नहीं बना हैं।
परमात्म ज्ञानी -परमात्म ज्ञानी वह होता हैं जो परमात्मा को जानता हैं और पूर्ण ज्ञानी हैं।
ज्ञान मार्ग की प्रवेशिका क्लिष्ट हैं
ज्ञान मार्ग की प्रवेशिका बड़ी ही क्लिष्ट हैं और इसके लिए हमें साधन चतुष्टय संपन्न होना आवश्यक हैं । साधन चतुष्टय में विवेक, वैराग्य, शमादि गुण शालिनता और मुमुक्षुत्व शामिल हैं ।
मनुष्य ज्ञान प्रधान ही नहीं बल्कि कर्म प्रधान हैं
दार्शनिक प्रवचन के 14 दिन महराज जी ने कहा कि मनुष्य ज्ञान प्रधान ही नहीं बल्कि धर्म प्रधान हैं । ज्ञान मार्ग एक ऐसा मार्ग हैं जिसमें हम अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में बदलने के लिए ज्ञान की प्राप्ति करते हैं । ज्ञान मार्ग में हमें अपने आत्मा और परमात्मा को जानने-समझने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए हमें साधन चतुष्टय संपन्न होना आवश्यक हैं ।
जिला जांजगीर चांपा कलेक्टर द्वारा किया गया हेल्थ विटनेस का निरीक्षण
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की व्यापक समीक्षा
जिला स्वास्थ्य समिति की शासी एवं कार्यकारी समिति समीक्षा बैठक: हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी और टीकाकरण पर विशेष जोर
जिले में मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुदृढ़ करने कलेक्टर महोबे के कड़े निर्देश
स्वास्थ्य शिविर, एनीमिया मुक्त अभियान और चिरायु कार्यक्रम पर फोकस
स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम एवं आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड प्रगति की समीक्षा
जांजगीर-चांपा, 12 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति की शासी एवं कार्यकारी समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, टीकाकरण कार्यक्रम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, कुपोषण उन्मूलन, स्वास्थ्य संस्थाओं की उपलब्धियों एवं चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर श्री महोबे ने सभी जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं सतत सुधार विभाग की सर्वाेच्च प्राथमिकता हो।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर फोकस
कलेक्टर ने बैठक में मातृत्व स्वास्थ्य को लेकर विशेष समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गर्भवती महिलाओं का नियमित जांच सुनिश्चित किया जाए। हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी वाले मामलों की लगातार निगरानी की जाए। संस्थागत प्रसव सेवाओं को सुदृढ़ कर मातृत्व मृत्यु दर में कमी लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। कलेक्टर ने कहा प्रत्येक बच्चे को समय पर टीका लगाये जाए। साथ ही टीकाकरण सत्रों की सतत निगरानी, अपूर्ण टीकाकरण वाले बच्चों की पहचान, ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान को मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में चिरायु टीम द्वारा की जा रही स्वास्थ्य स्क्रीनिंग का विस्तृत मूल्यांकन प्रस्तुत किया गया। कलेक्टर ने कहा कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान को जिले में व्यापक रूप से लागू किया जाए। दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाई जाएं। मोबाइल मेडिकल यूनिट की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड व वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा
कलेक्टर ने स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम अंतर्गत बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, ऑनलाइन एंट्री की समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड, वय वंदना योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शिविर लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड बनाए जाएं। उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज का आभा कार्ड अनिवार्य रूप से तैयार किया जाए।
उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्रों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, फाइलेरिया एवं डेंगू मरीजों, सघन कुष्ठ खोज अभियान के माध्यम से मरीजों का काउंसिलिंग करने और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने हाइपरटेंशन, मधुमेह जैसी बीमारियों के मरीजों की अधिक से अधिक स्क्रीनिंग कर नियमित निगरानी और उपचार सुनिश्चित करने कहा। इसके साथ ही उन्होंने सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, सीएमएचओ श्री यू के मरकाम, सिविल सर्जन श्री एस एस कुजुर, डीपीएम श्री उत्कर्ष तिवारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
जिले के पुलिस जवानों का वार्षिक फायरिंग अभ्यास बलौदा क्षेत्रांतर्गत जर्वे स्थित फायरिंग रेंज में
पुलिस जवानों का निशानेबाजी क्षमता, आत्मविश्वास तथा हथियार संचालन कौशल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है
वार्षिक फायरिंग अभ्यास
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जिले के पुलिस जवानों का वार्षिक फायरिंग बलौदा क्षेत्रांतर्गत स्थित जर्वे फायरिंग रेंज में फायरिंग अभ्यास दिनांक 12.12.2025 से कराया जा रहा है।
इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता, निशानेबाजी क्षमता एवं हथियार संचालन में दक्षता को और अधिक मजबूत करना है।
फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को विभिन्न आधुनिक हथियारों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास में सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में फायरिंग अभ्यास कराया जा रहा है।
इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार जोशी द्वारा पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता एवं निरंतर अभ्यास के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं।
हमें अपने कर्मों के लिए फल की चिंता नहीं करनी चाहिए - डॉ स्वामी जी महाराज
दार्शनिक प्रवचन यात्रा का 12 वां दिन
न्यूज जांजगीर-चांपा । कंचन की नगरी चांपा के हनुमान मंदिर प्रांगण में चल रहे आनंद ही जीवन का लक्ष्य को लेकर वृंदावन से आएं डॉ स्वामी युगल शरण ने कहा कि कर्म मार्ग एक ऐसा मार्ग हैं जिसमें हम अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में बदलने के लिए कर्म करते हैं । कर्म मार्ग में हमें अपने कर्तव्यों का सदैव पालन करना होता हैं और हमें अपने कर्मों के फल की चिंता नहीं करनी चाहिए । डॉ स्वामी जी महाराज ने कर्म योग के बारे में विस्तृत व्याख्या करते हुए कर्म के चार प्रकार बताए हैं ।
कर्म -कर्म में चार चीजें आती हैं , नित्य कर्म , नैमित्तिक कर्म, काम्या कर्म और प्रायश्चित कर्म ।
विकर्म - विकर्म उसको कहते हैं जो न तो श्रुति स्मृति युक्त कर्म-धर्म का पालन करता हैं और न ही भगवान की भक्ति करता हैं ।
अकर्म या कर्मयोग - कर्मयोगी वो होता हैं जो शरीर से कर्म करता हैं, मन से भगवान का भक्ति करता हैं ।
कर्म संन्यास - कर्म संन्यासी वर्णाश्रम धर्म, सात्त्विक धर्म का पूर्णतः त्याग कर देता हैं और केवल मन से भक्ति करता हैं ।
सैकड़ों के बैठने की व्यवस्था
प्रिंट मीडिया से सम्बद्ध शशिभूषण सोनी ने बताया कि अद्वितीय समन्वयात्मक विलक्षण, धारावाहिक प्रवचन सुनने के लिए विशाल पंडाल बनाया गया हैं । इस स्थान पर हजारों की संख्या में एक साथ बैठकर प्रवचन सुन सकते हैं । प्रेस क्लब चांपा अध्यक्ष डॉ कुलवंत सिंह सलूजा की पुत्रवधु श्रीमति कौर, शशिभूषण सोनी और रमेश कुमार सोनी कथा श्रवण करने पहुंचे ।
कर्म और भक्ति की व्याख्या
सुप्रसिद्ध दार्शनिक डॉ युगल महराज ने कहा कि कर्म और भक्ति दोनों ही महत्वपूर्ण हैं । कर्म करने से हमें अपने कर्तव्यों का पालन करना होता हैं और भक्ति करने से हमें भगवान की प्राप्ति होती हैं । कर्म योगी जो भी कर्म करते हैं, वह शरीर से यथा शक्ति कर्म करता हैं और मन से भगवान की भक्ति करता हैं ।
कर्म और भक्ति दोनों ही जीवन में सकारात्मक बदलाव लाता हैं
कर्म मार्ग एक ऐसा मार्ग हैं जिसमें हम अपने जीवन को सकारात्मक दिशा में बदलने के लिए कर्म करते हैं । कर्म और भक्ति दोनों ही महत्वपूर्ण हैं और हमें अपने कर्तव्यों का पालन करना होता हैं और भगवान की भक्ति करनी होती हैं
डॉ चरण दास महंत के जन्मदिवस पर शीतकालीन मौसम को देखते हुए कंबल वितरण किया गया
जांजगीर चांपा न्यूज छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ चरण दास महंत एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री के 13 दिसंबर को जन्म दिवस के अवसर पर उनके मंशानुरूप जिसमें उन्होंने अपील की थी कि मेरे पारिवारिक एवं मित्रों के अचानक देवलोक गमन हो जाने से मन उदास है मुझसे मिलकर शुभकामनाएं देने के बजाय जरूरतमंदों को मदद कर दी जाए या एक पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण करने की कोशिश करें और वहीं से सभी के खुशी के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें उनके इसी भावना के अनुरूप शहर के कांग्रेसी नेताओं ने बिसाहू दास महंत शासकीय चिकित्सालय में मरीजों एवं उनके परिजनों को ठंड के मौसम में जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पूर्व पार्षद नागेंद्र गुप्ता के सौजन्य से शहर कांग्रेस द्वारा कंबल का वितरण किया गया एवं डॉ महंत को शुभकामनाएं प्रेषित किया गया इस अवसर पर
कार्य.ब्लॉक अध्यक्ष सुनील साधवानी, जिला प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जय थवाईत, पूर्व आयोग सदस्य विष्णु विश्वकर्मा, चाम्पा ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष अनिल मोदी, राज सरोज, जिला उपाध्यक्ष उमेश तिवारी, किशन सोनी,नेता प्रतिपक्ष हरीश पांडेय, पार्षद ललित देवांगन,तमिन्द्र देवांगन, पवन साहू, पुरषोत्तम देवांगन, पवन आर्य, गिरधर देवांगन, राजेश्वर मिश्रा, श्रीमती रामबाई स्वर्णकार, पूर्व पार्षद डुग्गु प्रधान,गोविन्द देवांगन, अनिता प्रकाश, गोविंदा वैष्णव, इकबाल अंसारी, जफर अंसारी, राकेश जोशी, परदेशी केंवट, विष्णु गाड़ा, सहित कांग्रेसजन उपस्थित रहे
सेजेस चांपा में आयोजित हुआ भावपूर्ण विदाई व गरिमामय सम्मान समारोह।
प्राचार्य रमाकांत साव एवं प्रधान पाठक साधराम मधुकर को दी गई विदाई।
नव पदस्थ सेजेस प्राचार्य संजय जैन का हुआ अभिनंदन।
शिक्षा जगत की गौरवशाली एवं प्राचीनतम शिक्षण संस्था शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांपा (सेजेस) से जुड़ी प्रेरक शैक्षणिक परंपराओं को सहेजते हुए, विद्यालय परिवार द्वारा एक भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन जांजगीर मुख्य मार्ग पर स्थित मशाल ढाबा में किया गया।
यह आयोजन वर्ष 2008 से सेजेस में वरिष्ठ व्याख्याता के रूप में सेवाएँ दे रहे रमाकांत साव के प्राचार्य बसंतपुर के रूप में पदस्थ होने, संजय जैन के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय (सेजेस) चांपा में प्राचार्य के रूप में नवपदस्थ होने तथा प्रधान पाठक साधराम मधुकर के गौरव ग्राम अफरीद स्थानांतरण के उपलक्ष्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्प, चंदन व गुलाल अर्पित कर किया गया।
इसके पश्चात संस्था के शिक्षक, साहित्यकार एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र द्विवेदी ने रमाकांत साव के प्रेरणादायी शैक्षणिक जीवनवृत्त एवं सेवायात्रा का सारगर्भित परिचय प्रस्तुत किया, साथ ही नवपदस्थ प्राचार्य संजय जैन का गरिमामय स्वागत एवं परिचय कराया।
विद्यालय परिवार द्वारा रमाकांत साव, संजय जैन एवं साधराम मधुकर का पुष्पगुच्छ, कौशेय वस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया गया।
अपने भावपूर्ण संबोधन में प्राचार्य रमाकांत साव ने कहा- “सेजेस चांपा केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि मेरा शैक्षणिक परिवार रहा है। यहाँ बिताए गए 17वर्षो से अधिक का समय मेरे जीवन की अमूल्य पूँजी हैं। शिक्षक साथियों का स्नेह, सहयोग और विद्यार्थियों का विश्वास सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगा।”
सेजेस चांपा में नवपदस्थ प्राचार्य संजय जैन ने कहा-“सेजेस चांपा जैसी प्रतिष्ठित संस्था का नेतृत्व मिलना मेरे लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। आप सभी के सहयोग से मैं प्रयास करूंगा कि शिक्षक-छात्र समन्वय, शैक्षणिक गुणवत्ता, बोर्ड परीक्षाफल और नैतिक मूल्यों को और सुदृढ़ करूंगा।
प्रधान पाठक साधराम मधुकर ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ से प्राप्त अनुभव उनके शैक्षणिक जीवन की स्थायी प्रेरणा बने रहेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षक एवं ज्योतिषाचार्य उमाशंकर चतुर्वेदी, राजकुमार तम्बोली, राजेश उपाध्याय तथा श्रीमती निमिषा जेम्स ने अपने विचार रखते हुए मंचस्थ अतिथियों को शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
इस अवसर पर रामचंद्र राठौर, सीमा राठौर, निमिषा जेम्स, रीतू सिंह, सविता महिलांग, पिंकी पायल मेश्राम, रोशनी बाजपेयी, डॉ. रविंद्र द्विवेदी, उमाशंकर चतुर्वेदी, राजकुमार तम्बोली, राजेश उपाध्याय, सोमनाथ पाण्डेय, मनोज वारे, अजय अग्रवाल, अविनाश राठौर, वर्षा तिवारी, प्रतिभा जांगड़े, कामिनी बेहार, साधना शर्मा, कृष्णा यादव, विजय यादव, रंजीत खुसरो सहित समस्त सेजेस (हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम) विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का संयोजन निमिषा जेम्स, संचालन गोविंद नारायण शर्मा तथा आभार प्रदर्शन श्रीमती सीमा राठौर द्वारा किया गया।
समापन पश्चात रंगारंग गीत-भजन एवं स्नेह भोज का आयोजन हुआ।
उक्ताशय की जानकारी शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. रविंद्र द्विवेदी ने दी।