जिला
रामगढ़ के अस्तित्व पर संकट,गलत रिपोर्ट देकर सहमति:सिंहदेव बोले-भूपेश कार्यकाल में भी कलेक्टर ने दी थी गलत रिपोर्ट, खदान खुली तो नहीं बचेगा रामगढ़
सरगुजा
पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि हसदेव क्षेत्र में नए कोल प्रोजेक्ट से ऐतिहासिक महत्व के रामगढ़ पहाड़ का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। भूपेश सरकार के कार्यकाल में भी तत्कालीन कलेक्टर ने कोल ब्लॉक को मंजूरी देने के लिए रामगढ़ के श्रीराम मंदिर के बजाय दो किलोमीटर आगे सीताबेंगरा से दूरी की रिपोर्ट दी।
उन्होंने कहा, वर्तमान में कोल ब्लॉक की दूरी का गलत आकलन कर डायवर्सन के लिए रिपोर्ट भेजी गई है। इस कोल ब्लॉक के न खुलने से किसी को नुकसान नहीं होगा, लेकिन खुलने से ऐतिहासिक धरोहर को नहीं बचा सकेंगे।
अंबिकापुर के कोठीघर में रामगढ़ संरक्षण और संवर्द्धन समिति के सदस्यों के साथ आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि रामगढ़ पहाड़, जोगीमाड़ा गुफा, जोगीमाड़ा का पर्वत संरक्षित क्षेत्र है। यह ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है।
सिंहदेव ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा ग्रामसभाओं को फर्जी बताया गया है। वर्ष 2020 में तत्कालीन सरगुजा कलेक्टर ने PKEB खदान की दूरी सीताबेंगरा से 11 किलोमीटर बताई थी। जबकि रिपोर्ट में रामगढ़ के ऐतिहासिक राममंदिर (जोगीमाड़ा) और रामगढ़ पहाड़ की दूरी नहीं बताई गई थी।
उन्होंने कहा, वर्तमान में डीएफओ ने वन डायवर्सन के लिए दी गई सहमति में भी सीताबेंगरा तक की दूरी 11 किलोमीटर बताई है। खदान की सीमा के नजदीकी छोर के बजाय दूसरे नजदीकी छोर से यह दूरी नापी गई है। केते एक्सटेंशन कोल ब्लॉक की सीमा से रामगढ़ पहाड़ की दूरी 8.1 किलोमीटर, जोगीमाड़ा की दूरी 9.3 किलोमीटर है। यदि हमारा दावा गलत है तो पुनः इसकी नाम कराई जाए।
सिंहदेव ने कहा कि यह कोयला खदान नहीं खुलेगा तो किसी को कोई भी नुकसान नहीं होगा। लेकिन खोला गया तो रामगढ़ पहाड़ का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। हम आने वाली पीढ़ी के लिए इस विरासत को खो देंगे।
सिंहदेव ने कहा कि इस कोयला खदान में सिर्फ 16.44 हेक्टेयर भूमि ही गैर वनभूमि है। शेष घने जंगल हैं। यहां 4.5 लाख से ज्यादा पेड़ काटे जाएंगे जो भविष्य में छत्तीसगढ़ के पर्यावरण के लिए अत्यधिक खतरनाक होगा।
प्रेसवार्ता के दौरान रामगढ़ संरक्षण एवं संवर्धन समिति के सदस्य सहित कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, पूर्व अध्यक्ष राकेश गुप्ता एवं रामगढ़ क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।
नशा मुक्त भारत अभियान की 5 वीं वर्षगांठ पर जागरूकता की पहल ग्राम सभा, स्कूल, कॉलेज में विभिन्न गतिविधियां आयोजित
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
नशा मुक्त भारत अभियान की 5 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जिसका उद्देश्य समाज में नशामुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुँचाना और युवा पीढ़ी को नशे के दुष्परिणामों से बचाना है।
इसी कड़ी में अभियान अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों, कॉलेज में निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें शराब, तंबाकू, अन्य मादक पदार्थों से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई।साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के माध्यम से जागरूकता लाया गया।पंचायत में ग्राम सभा की बैठकों के माध्यम से नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया तथा जागरूकता एवं नशा न करने शपथ भी दिलाया गया।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया है कि नशा को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास एवं सतत जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। और इसके लिए हर व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक की तरह स्वयं और अपने परिवार एवं समाज को नशे से दूर रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि निरंतर सहभागिता एवं जागरूकता के माध्यम से नशा मुक्त भारत अभियान का पहल व्यापक स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि नशे से दूर रहे और बेहतर समाज के निर्माण में सहयोग करें।
छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा नियमों के उल्लंघन पर ग्राम पंचायत सचिव विशालपुर निलंबित
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
विकासखंड रामचन्द्रपुर में ग्राम पंचायत विशालपुर के सचिव बालदेव यादव के विरूद्ध प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अन्तर्गत आवास सत्यापन कार्य में हितग्राहियों से 100-100 रू. लिये जाने के संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी।
शिकायत प्राप्त होने पर, जनपद पंचायत स्तरीय तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर जांच कराये जाने पर प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाया गया है।
बालदेव यादव का उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम-1998 के नियम-03(1)(2)(3) का स्पष्ट उल्लंघन है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के कारण छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के नियम-4 के तहत् जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के द्वारा बालदेव यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में बालदेव यादव का मुख्यालय कार्यालय जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर नियत किया गया है। निलंबन अवधि में श्री बालदेव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ पर मनाया जा रहा जागरूकता माह नशे से होने वाले वाले दुष्प्रभावों के बारे में दी जा रही जानकारी
विकास कुमार यादव -बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ के अवसर पर जिले में 01 अगस्त से 31 अगस्त तक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिले के विभिन्न संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों सभी को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया जा रहा है।
कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए अनुचित है। तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़े की बीमारी सहित अनेक गंभीर रोग से ग्रसित हो सकते हैं और नशा शरीर को धीरे-धीरे कमजोर कर देता है और व्यक्ति का जीवन संकट में डाल देता है। इसके लिए जागरूकता आवश्यक है। जागरूकता कार्यक्रम में संकल्प भी लिया गया
कि वे न केवल स्वयं नशे से दूर रहेंगे बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करेंगे।
गौरतलब है कि कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। और नशे से होने वाले दुष्प्रभावी के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
राज्य ओपन स्कूल परीक्षा के लिए जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन 18 अगस्त से 03 सितंबर तक आयोजित होगी परीक्षा
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल रायपुर द्वारा संचालित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी की परीक्षाएं 18 अगस्त से 03 सितंबर 2025 तक परीक्षा केन्द्र स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बलरामपुर में प्रातः 08ः30 बजे से 11ः45 बजे तक आयोजित की जाएगी
। परीक्षा केन्द्रों के सघन निरीक्षण एवं अनुचित साधनों के उपयोग को रोकने हेतु जिला स्तरीय निरीक्षण दल का गठन किया गया हैं। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी बलरामपुर को दल प्रभारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग एवं परिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बलरामपुर को दल सदस्य बनाया गया है।
बुलेट की टंकी पर बैठकर बॉयफ्रेंड से लिपटी लड़की
दुर्ग-भिलाई
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के सेक्टर-10 में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कपल चलती बाइक पर रोमांस करते नजर आ रहा है। युवक बाइक (नंबर CG 07-CQ 7820) चला रहा और युवती बाइक की टंकी पर बैठे युवक से लिपटी दिख रही।
इतना ही नहीं, युवती अपने साथी को पकड़कर रोमांटिक अंदाज में झूम रही है। दोनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। वे ट्रैफिक नियमों की परवाह किए बिना सड़क पर घूम रहे थे। राहगीरों ने इस दृश्य को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो वायरल होने के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि, यह हरकत कपल और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में यातायात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋचा मिश्रा ने बताया कि, सस्ती लोकप्रियता पाने का यह बहुत ही गलत तरीका है। यातायात के नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है।
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 129, 194(D) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
बलरामपुर जिले के राजपुर में धूमधाम से मनाया गया चेरवा समाज का स्थापना दिवस
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर -
बलरामपुर जिले के राजपुर में सोमवार, 18 अगस्त 2025 को चेरवा समाज का स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। स्थानीय मंडी प्रांगण में आयोजित इस समारोह में विकासखंड राजपुर के विभिन्न ग्राम पंचायत से भारी संख्या में चेरवा समाज के लोग पहुंचे हुए थे।
नशाबंदी का संकल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुति
इस अवसर पर समाज के लोगों ने एकजुट होकर नशाबंदी का संकल्प लिया और लोगों को प्रेरित करने के लिए भी संकल्प लिया। इसके अलावा, दूर-दूर से आए समाज के लोगों ने सभा को संबोधित किया और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति की, जिसने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
भाईचारा और एकता का संदेश
समारोह में समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपने रीति-रिवाजों और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने एक दूसरे के साथ मिलकर अपने समाज को आगे बढ़ाने और समाज के लोगों के कल्याण के लिए काम करने का संकल्प लिया।
समाज के लिए महत्वपूर्ण कदम
चेरवा समाज के इस स्थापना दिवस समारोह ने निश्चित रूप से समाज के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है, जो कि समाज के विकास के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, इस दौरान सरगुजा संभाग के समस्त जिला अध्यक्ष प्रांतीय अध्यक्ष सहित चेरवा समाज के भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लायंस वृद्धाश्रम में कृष्णकांत ने किया ध्वजारोहण * ऑपरेशन सिंदूर एवं विजय कारगिल दिवस निबंध प्रतियोगिता के विजेता किए गए सम्मानित।
मनेन्द्रगढ।
स्वतंत्रता दिवस पर अदम्य साहस, पराक्रम के प्रतीक -"विजय कारगिल दिवस" एवं ऑपरेशन सिंदूर जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर हिंदी साहित्य भारती द्वारा आयोजित जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेता श्रीमती ऐश्वर्या गर्ग (प्रथम) एवं संदीप चंदेल (तृतीय)का सम्मान लायंस क्लब प्राइड की अध्यक्षा श्रीमती पूनम सिंह के द्वारा किया गया।
लायंस वृद्धाश्रम में आयोजित ध्वजारोहण, लायंस क्लब के अध्यक्ष कृष्णकांत ताम्रकार द्वारा किया गया। हिंदी साहित्य भारती के जिला प्रभारी सतीश उपाध्याय के संयोजन में आयोजित सम्मान समारोह में लायन सोमा आचार्य, मंजुलिका करन, रजनी अग्रवाल, संगीता शर्मा, चंद्रशेखर अग्रवाल (मीनू), जितेश चावड़ा, डा सी पी करन,, नीरज अग्रवाल , मुकेश अग्रवाल ,डी के श्रीवास्तव, अनीश गुप्ता,राजेश गोयल, राजकुमार पांडे,आर,पी गुप्ता, डॉ एस के आचार्य,, अंशु अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, अमिता नियोगी, जसपाल सिंह कालरा, सोनिया कालरा, रितेश जैन, नरोत्तम शर्मा, अनीता फरमानिया, बबीता अग्रवाल, पम्मी अरोड़ा रश्मि जायसवाल ,प्रीति जायसवाल, बेबी माखीजा, चंद्र मॉल तिवारी, संतोष जैन, भैरव प्रसाद केशरवानी, आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर ऑपरेशन सिंदूर एवं विजय कारगिल दिवस पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के सम्मानित विजेताओं ने , इस संवेदनशील मुद्दों पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता संबंध में कहा कि -सेना के शौर्य और पराक्रम से जुड़ा ऑपरेशन सिंदूर अतीत की गाथा नहीं वर्तमान का संकल्प है। विजेताओं को स्मृति चिन्ह नेशनल स्कूल अवार्ड -2025 की विजेता एवं दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की निदेशक श्रीमती पूनम सिंह , एवं विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र में सहयोग वार्ड नंबर 10 की पार्षद नीलू विनीत जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, युवा नेता एवं युवक कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष हाफ़िज़ मेमन ,(कल्लू), विजय मंगलम गर्ल्स हॉस्टल की संचालिका रूपा पोद्दार, विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल की शिक्षिका रिचा दुआ, द्वारा दिया गया।
विश्व हाथी दिवस पर वन वाटिका रामानुजगंज में कार्यक्रम आयोजित जैव विविधता और संरक्षण के बारे में दी गई जानकारी
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर
- स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2025 के गरिमामय आयोजन के लिए जिला मुख्यालय बलरामपुर के पुलिस ग्राउंड में फाइनल रिहर्सल किया गया। कलेक्टर राजेंद्र कटारा, पुलिस अधीक्षक बैंकर वैभव रमनलाल के मार्गदर्शन में मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का फाईनल रिहर्सल किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर आर.एस. लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र होगा।
जिनमें विद्यालयीन छात्र-छात्राएं देशभक्ति गीत पर प्रस्तुति देंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। फाइनल रिहर्सल के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने की जा रही तैयारियों, मंच, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, बैठक व्यवस्था का जायजा लेकर समय पर सभी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में 12वीं वाहिनी छ.ग. सशस्त्र बल रामानुजगंज, 10वीं वाहिनी छ.ग. सशस्त्र बल डी कम्पनी एवं 11 वाहिनी बी कम्पनी व 06 वाहिनी ई कम्पनी, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी शासकीय महाविद्यालय बलरामपुर, राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय बलरामपुर, संत जोसेफ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर (बालक-बालिका), शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर, सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बलरामपुर, स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम बालिका बलरामपुर, के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल पर परेड कमाण्डर रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन एवं परेड टू आईसी उप निरीक्षक हिम्मत सिंह शेखावत के नेतृत्व में आकर्षक मार्च-पास्ट एवं शस्त्रधारी जवानों ने तीन चक्र में हर्ष फायर किया। इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी पूर्वाभ्यास किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अभिषेक गुप्ता, आर. एन पाण्डेय, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, जिला स्तरीय एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण तथा विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कलेक्टर के आदेश धरे रह गए 266 की यूरिया 500 मे बीक रहा तय दर से दोगुनी कीमत में बिक रहा उर्वरक
गोविंद राम जिला ब्यूरो चीफ
बलौदाबाजार:-
प्रदेश में खरीफ सीजन अपने चरम पर है और किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए उर्वरक की सबसे अधिक आवश्यकता है। मगर इस जरूरत के वक्त, जब सरकार और प्रशासन को किसानों का सहारा बनना चाहिए, तब उनकी मजबूरी को ही मुनाफे का जरिया बना दिया गया है। कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा जिले के सहकारी समितियों और कृषि सेवा केंद्रों में तय दर पर उर्वरक विक्रय, कालाबाजारी पर रोक और कड़ी निगरानी के निर्देश तो दिए गए, पर जमीनी सच्चाई इन आदेशों को कागजों तक सीमित साबित कर रही है।
बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम लाहोद में जो खुलासा हुआ है, वह न केवल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है बल्कि यह दर्शाता है कि किस तरह संगठित रूप से किसानों की जेब काटी जा रही है। एक स्थानीय पत्रकार, किसान का रूप धरकर महादेव एजेंसी एवं खाद दुकान में यूरिया खरीदने पहुँचा। तय दर 266.50 रुपये की यूरिया 500 रुपये में थमा दी गई। चालाकी इतनी कि बिल के नाम पर अल्ट्राटेक लोगो वाली सादी पर्ची दी गई, जबकि रजिस्टर में सरकारी दर दर्ज कराई गई और किसान बने पत्रकार से हस्ताक्षर करवा लिए गए।
यह कोई मामूली घटना नहीं है। यह एक सुनियोजित ठगी है जिसमें न केवल किसानों को दो से तीन गुना कीमत में उर्वरक बेचा जा रहा है, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड में पूरी तरह से झूठ दर्ज कर प्रशासन को भी गुमराह किया जा रहा है। पत्रकार द्वारा ऑनलाइन भुगतान और पूरे लेन-देन की वीडियोग्राफी इस खुलेआम लूट का ठोस सबूत है।
यूरिया ही नहीं, डीएपी जैसी खाद भी 2,100 से 2,300 रुपये में बेची जा रही है, जबकि सरकारी मूल्य मात्र 1,350 रुपये है। एमओपी, एनपीके और एसएसपी जैसी अन्य खादों में भी यही खेल जारी है। किसानों का दर्द यह है कि सरकारी समितियों में स्टॉक खत्म होने के कारण उन्हें मजबूरी में निजी विक्रेताओं के पास जाना पड़ता है और यहीं से उनकी आर्थिक लूट शुरू हो जाती है।
कलेक्टर के आदेशानुसार खरीफ 2025 के लिए तय मूल्य इस प्रकार हैं
यूरिया: 266.50 रुपये प्रति बोरा,
डीएपी: 1,350 रुपये प्रति बोरा,
एमओपी: 1,535 रुपये प्रति बोरा,
एनपीके (12:32:16): 1,720 रुपये प्रति बोरा,एनपीके (20:20:0:16): 1,300 रुपये प्रति बोरा,एसएसपी (पाउडर): 474 रुपये प्रति बोरा
लेकिन यह मूल्य सिर्फ़ आदेश पत्रों और बोर्ड पर लिखी घोषणाओं तक सीमित हैं। वास्तविकता यह है कि किसानों को मुनाफाखोर विक्रेताओं के हाथों लूटने के लिए खुला छोड़ दिया गया है।
यह स्थिति किसी एक दुकान तक सीमित नहीं है। किसानों के अनुसार, जिले के कई गांवों में यही खेल जारी है। यह एक संगठित तंत्र है, जिसमें सफेदपोश दुकानदार, सरकारी निगरानी तंत्र की ढिलाई और प्रशासन की अनदेखी—तीनों मिलकर किसानों के हक पर डाका डाल रहे हैं।
प्रशासनिक दावे और धरातल की सच्चाई में इतना बड़ा फर्क यह सवाल खड़ा करता है कि क्या कारण बताओ नोटिस और कागजी कार्रवाई ही किसानों की पीड़ा का इलाज है? जब तक ऐसे माफिया तत्वों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं होगी, जब तक दोषियों के लाइसेंस रद्द नहीं होंगे, तब तक किसान इसी तरह लुटते रहेंगे और सरकार के ‘किसान हितैषी’ दावे खोखले साबित होते रहेंगे।
यह सिर्फ खाद की कालाबाजारी नहीं है—यह किसानों के भविष्य, उनकी मेहनत और पूरे कृषि तंत्र पर सीधा हमला है। अगर आज इस संगठित लूट पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो कल यह एक ऐसी गहरी जड़ जमाएगी जिसे उखाड़ना नामुमकिन हो जाएगा।
आप लोगों के माध्यम से जानकारी आई है शिकायत की जांच करने के बाद संबंधित दुकान संचालक के ऊपर कलेक्टर के निर्देशन अनुसार कार्यवाही की जाएगी
लोकनाथ दीवान निरीक्षक उर्वरक एवं कीटनाशक कृषि विभाग बलौदा बाजार
छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल आरक्षक भर्ती 27 अगस्त तक कर सकते हैं ऑनलाईन आवेदन लिखित परीक्षा 14 सितंबर को होगी आयोजित
परीक्षा में शामिल होने अभ्यर्थी को रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य
पंजीयन नहीं करने पर परीक्षा से हो सकते है वंचित
विकास कुमार यादव- बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
छत्तीसगढ़ व्यवसायीक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ जिला पुलिस बल में आरक्षक संवर्ग के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा के लिए ऑनलाईन आवेदन हेतु संभावित परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण में दस्तावेजों की जांच, शारीरिक नाप जोक, शारीरिक दक्षता परीक्षा उपरांत लिखित परीक्षा हेतु पात्र अभ्यार्थियों की सूची 25 जुलाई को जारी की गई। लिखित परीक्षा हेतु अभ्यार्थियों का व्यापम द्वारा परीक्षा आयोजित की जा रही है।
लिखित परीक्षा हेतु अवेदन पत्र व्यापम के वेबसाइट में जाकर पंजीयन कराना व लिखित परीक्षा हेतु केन्द्र का चयन करना अनिवार्य होगा। साथ ही आवेदन को सफलतापूर्वक सबमिट करना अनिवार्य होगा। उसके पश्चात् ही अभ्यर्थी लिखित परीक्षा हेतु ऑनलाईन से प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे। जिस अभ्यर्थी द्वारा व्यापम के वेबसाईट में पंजीयन नहीं किया जाएगा वे अभ्यर्थी लिखित परीक्षा से वंचित होगें। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी अभ्यर्थी की होगी
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी 05 अगस्त से 27 अगस्त 2025 तक व्यापम के पोर्टल में पंजीयन उपरांत सबमिट कर सकते हैं। लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2025 को दोपहर 02 बजे से संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए 08 सितंबर को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए व्यापम की वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है। व्यापम की वेबसाईट की लिंक में पंजीयन करने, ऑनलाईन फार्म भरने तथा अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर समाधान हेतु व्यापम के हेल्पलाईन नम्बर 07712972780 पर संपर्क किया जा सकता है।
कलेक्टर की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न लंबित प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण करने के दिये निर्देश
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर -
कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अनुविभाग एवं तहसीलवार राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने आमजनों की समस्या के समाधान के लिए राजस्व अधिकारियों को गंभीरता एवं प्राथमिकता के साथ राजस्व प्रकरणों के निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने न्यायालयवार राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए उनके निराकरण के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी प्रकरण समय-सीमा के भीतर ही निराकृत किये जाये। बैठक में अभिलेख सुधार, हाई कोर्ट प्रकरण सहित, अवैध अतिक्रमण, भू-अर्जन, पट्टा, अभिलेख का दुरुस्तीकरण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक किसान पंजीयन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि एग्रीटेक पोर्टल पर किसानों का समय से पंजीयन हो ताकि कृषि संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन में लक्षित प्रगति सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर श्री कटारा ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लोक सेवा गारंटी, लंबित राजस्व प्रकरणों और पीजी पोर्टल, जन शिकायत की गहन समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, आर.एन. पाण्डेय, अभिषेक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता सहित सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।
प्रसव के दौरान लापरवाही: सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भटगांव की स्टाफ नर्स निलंबित आरएचओ को भी किया गया था निलंबित
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
सूरजपुर ,
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भटगांव, जिला सूरजपुर में 09 अगस्त को ओड़गी विकासखंड की रहने वाली श्रीमती कुन्ती पंडो के प्रसव के दौरान प्रसव कक्ष में किसी भी चिकित्सक एवं स्टाफ की अनुपस्थिति का मामला सामने आया था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला स्तरीय समिति द्वारा जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
जांच रिपोर्ट में स्टाफ नर्स श्रीमती शीला सोरेन को अवकाश की पूर्व स्वीकृति लिए बिना कार्य से अनुपस्थित होना पाया गया। यह कृत्य कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। कार्य में लापरवाही की पुष्टि होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित कर दिया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में पदस्थ आरएचओ (महिला) श्रीमती विक्टोरिया केरकेट्टा को भी निलंबित किया जा चुका है जबकि मेडिकल ऑफिसर पर कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जांच रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस मामले के संज्ञान में आते ही स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने और दोषी अधिकारी कर्मचारी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
धंधापुर में 1125 फलदार पौधे रोपने की तैयारी, विभाग ने दी तथ्यात्मक जानकारी
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
बलरामपुर
- विभिन्न समाचार माध्यम में प्रकाशित ‘‘चार योजनाओं से करोडों खर्च कर एक ही जमीन पर लगे भ्रष्टाचार के पौधे अब उसी जमीन पर उद्यान विभाग डीएमएफ में घोटाले के स्क्रिप्ट तैयार कर पौधे लगाने के तैयारी में जुटा’’ समाचार में प्रकाशित इस खबर को संज्ञान में लेते हुए उद्यानिकी विभाग के अधिकारी ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि ग्रामीण पंचायत प्रतिनिधि की उपस्थिति में स्थल का निरीक्षण किया गया। उद्यान विभाग द्वारा पौधारोपण हेतु प्रस्तावित भूमि, शासकीय भूमि है। जिसमें उद्यानिकी विभाग द्वारा पौधरोपण की तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में निरीक्षण में पाया गया उक्त भूमि पूर्णत खाली है। उन्होंने बताया कि इस भूमि में सन् 2005 में रतनजोत एवं सन् 2010-11 में एनजीईओ के द्वारा कहुआ के पौधे का रोपण कराया गया था। वर्तमान में स्थल में कुछ रतनजोत के पौधे है तथा शेष परत भूमि है इस भूमि में पौधारोपण कराया जाना है।
उद्यान विभाग अधिकारी ने जानकारी दी है कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत पंजीकृत परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि मनरेगा अंतर्गत विकासखण्ड राजपुर के ग्राम पंचायत धंधापुर में तीन वर्ष में 1125 फलदार पौधों का रोपण उद्यानिकी विभाग द्वारा क्रियान्वयन किया जाएगा। जिसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पौधों की सुरक्षा के लिए डीएमएफ से फेंसिंग एवं सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी।
तिरंगा यात्रा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण संपन्न
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर
सूरजपुर/11 अगस्त 2025/ आज जिले भर में तिरंगा यात्रा का आयोजन उत्साह और सौहार्द के साथ किया गया। देवनगर में तिरंगा यात्रा विधायक श्री भूलन सिंह मरावी के नेतृत्व में सौहार्द्रपूर्ण संपन्न हुई। नगर पंचायत जरही में आयोजित तिरंगा यात्रा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि पैकरा के मुख्य आतिथ्य में शांति पूर्वक समाप्त हुई।
इसके अलावा रामानुजनगर में ब्लॉक स्तरीय तिरंगा यात्रा में विधायक की उपस्थिति रही। प्रतापपुर विकासखंड में विधायक श्रीमती शकुंतला सिंह पोर्ते के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत पकनी (परियोजना ओड़गी) सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्रा एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि इस वर्ष “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” थीम पर 2 अगस्त से 15 अगस्त तक देशभर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम निरंतर आयोजित हो रहे हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बच्ची कोमा में, पिता की हड्डी टूटी, गरीब परिवार न्याय की गुहार में
गोविंदराम जिला ब्यूरो
बलौदाबाजार
जिंदगी कब करवट बदल ले, कोई नहीं जानता। 7 अगस्त 2025 का दिन ग्राम नरधा थाना गिधौरी निवासी छबिलाल और उसके परिवार के लिए किसी दुःस्वप्न से कम नहीं रहा। सुबह करीब 11:40 से 11:57 के बीच छबिलाल अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक से रोहासी मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार सड़क पर गिर पड़ा, छबिलाल की कमर की हड्डी टूट गई और उसकी छोटी बेटी गंभीर चोट लगने के बाद कोमा में चली गई। दुर्घटना के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे नरेंद्र बघेल (निवासी कोड़ापार) ने मानवता दिखाते हुए घायलों को उठाया
और तुरंत मदद की व्यवस्था की। पहले घायल मनीष को बोलेरो गाड़ी से कसडोल के आद्या हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बलौदाबाजार के चंदा देवी हॉस्पिटल रेफर कर दिया। गौर करने वाली बात यह है कि दुर्घटना करने वाला व्यक्ति घटना स्थल पर मौजूद था और इलाज के लिए मदद भी कर रहा था, लेकिन जब पीड़ित पक्ष ने उसका नाम, पता और गाड़ी नंबर पूछना चाहा तो उसने स्पष्ट रूप से देने से मना कर दिया। और हालात की गंभीरता को देखकर वहाँ से चुपचाप फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने 10 अगस्त 2025 को पलारी थाने में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिवार का कहना है कि उनके पास घटना के समय की पूरी बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है,
जिसमें घटना के सूचना कर्ता से बातचीत तथा आरोपी द्वारा गाड़ी का नंबर और परिचय छुपाने की बात साफ सुनाई देती है। यह परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है, इलाज के लिए पैसे तक नहीं हैं। मासूम बेटी का जीवन खतरे में है, पिता बिस्तर पर पड़े हैं और मां अपने बच्चों के साथ अस्पताल के चक्कर काट रही है। आंसुओं से भरी आंखों से छबिलाल का परिवार कहता है – हम पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, हमारा बच्चा जिंदगी और मौत से लड़ रहा है, और जिसने ये सब किया वह खुलेआम घूम रहा है। हमें न्याय चाहिए,
ताकि हमारी मासूम बेटी की चीखें बेकार न जाएं। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे लापरवाह वाहन चालकों के हौसले पस्त हों और सड़कें सुरक्षित बनें।
बिलासपुर में खाना बनाते समय सिलेंडर ब्लास्ट, लगी भीषण आग
बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक मकान में खाना बनाते वक्त सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इससे तेज धमाका हुआ और भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान के नीचे एक दुकान थी और ऊपर बैग का गोदाम। आग इतनी तेजी से फैलने लगी कि घर में रखा टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित सारा सामान जलकर खाक हो गया। मकान का पूरा फर्नीचर भी जल गया।
यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक दोपहर डेढ़ बजे के करीब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक मकान में खाना बनाते वक्त सिलेंडर में ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। मकान के नीचे एक दुकान थी और ऊपर बैग का गोदाम था। आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी सैयद अमीन ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि अगर समय रहते काबू न पाया जाता, तो और भी नुकसान हो सकता था। सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया।
इस हादसे में तीन लोग मामूली रूप से झुलस गए हैं, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शी सैयद अमीन ने बताया कि धमाका होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस और दमकल की टीम घटना की जांच कर रही है ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।