नवागढ़ नगर पंचायत में तालाब सफाई के नाम पर बड़ा खेल!
ज़िला जांजगीर चांपा ब्लॉक नवागढ़
नवागढ़ नगर पंचायत में तालाब साफ-सफाई और गहरीकरण के नाम पर कथित भ्रष्टाचार की बू अब खुलकर सामने आने लगी है। कागजों में लाखों रुपये बहाए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत में तालाब गंदगी, कीचड़ और झाड़ियों से पटे पड़े हैं। हालत ऐसी है कि तालाब कम और कचरे का अड्डा ज्यादा नजर आने लगा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर साल सफाई और गहरीकरण के नाम पर बजट पास होता है, लेकिन काम सिर्फ फाइलों तक सीमित रह जाता है। तालाबों में न सही ढंग से मिट्टी निकाली गई, न गंदगी हटाई गई और न ही पानी संरक्षण की कोई मजबूत व्यवस्था दिखाई दे रही है।
नगरवासियों का कहना है कि अगर करोड़ों के विकास कार्य हुए हैं तो फिर तालाबों की हालत बदतर क्यों है? सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों की नजर इस बदहाली पर क्यों नहीं पड़ रही।
बरसात से पहले तालाबों की यह स्थिति प्रशासनिक दावों की पोल खोल रही है। गंदगी और बदबू से आसपास के लोग परेशान हैं, वहीं बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। अब लोग मांग कर रहे हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और तालाब सफाई के नाम पर हुए खर्च का हिसाब जनता के सामने रखा जाए।