जिला

मुंगेली: एडीएम ने राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

ईमरान खोखर बिहान ब्यूरो चीफ 

नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने पर जोर
मुंगेली,  कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित सभी राजस्व मामलों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में तहसीलवार लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई।
एडीएम ने कहा कि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे को प्राथमिकता दें। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, अनावश्यक विलंब वाले प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा सभी तहसीलों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला नियमित निरीक्षण कर स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करे, ताकि राजस्व कार्यों में गति आए और आमजन को त्वरित राहत मिल सके।
बैठक में तहसील जरहागांव, मुंगेली, पथरिया, लालपुर एवं सरगांव के राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो। बैठक में अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image