रोगदा से धाराशिव मुख्य मार्ग में डेढ़ घंटे तक कीचड़ में फंसी स्कूली वैन, मासूम बच्चे रहे परेशान*
जांजगीर-चांपा। ब्लॉक नवागढ़ रोगदा से धाराशिव मुख्य मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी गति के कारण बरसात में सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई। इसी बदहाल सड़क पर एक स्कूली वैन लगभग डेढ़ घंटे तक कीचड़ में फंसी रही, जिससे वैन में सवार स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से धीमी गति से चल रहा है। बारिश के कारण सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है, जिससे रोजाना स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, ग्रामीणों और अन्य वाहन चालकों को जोखिम उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित निर्माण एजेंसी से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा बरसात के दौरान अस्थायी रूप से सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? यदि समय रहते सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ, तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।