राज्य

विद्यार्थियों ने जाना पुलिस का जिम्मेदार चेहरा, सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों का थाना भ्रमण

चांपा।

सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्र-छात्राओं ने आज थाना चांपा का शैक्षिक भ्रमण किया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की व्यवहारिक जानकारी देना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल देखने को मिला।


      थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता एवं उनकी टीम ने छात्रों का आत्मीय स्वागत किया और सरल भाषा में पुलिस की भूमिका, एफआईआर की प्रक्रिया, सायबर अपराध, तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर बच्चों को दिवस अधिकारी, रात्रि अधिकारी, लॉकअप कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली जैसी व्यवस्थाएं भी दिखाई गईं।
     विद्यार्थियों को बताया गया कि पुलिस सिर्फ अपराधियों को पकड़ने का काम नहीं करती, बल्कि जनसुरक्षा, महिला-बाल संरक्षण, साइबर अपराध रोकथाम और यातायात नियंत्रण जैसे कई अहम जिम्मेदारियां भी निभाती है। साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा, और महिलाओं व बच्चों से जुड़े कानून विषयों पर विशेष जानकारी दी गई।


विद्यालय के शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में कानून के प्रति सम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता बढ़ती है। यह अनुभव न केवल शैक्षणिक दृष्टिकोण से उपयोगी रहा, बल्कि बच्चों के मन में पुलिस विभाग के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण भी विकसित हुआ।

थाना भ्रमण एक ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और व्यवहारिक शिक्षा का माध्यम बनकर सामने आया, जो निश्चित रूप से विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image