40 साल से जमीन पर खेती, फिर भी अधिकार पर्ची गायब! भूमि आवंटन के बाद भी दस्तावेजों के लिए भटक रहा परिवार, कुआं खुदवाने बैंक ऋण तक में बाधा
गोविंद राम ब्यूरो चीफ.
पलारी 29 अक्टूबर 2026
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड के ग्राम धमनी में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शांति बाई कलिहारी का परिवार करीब 40 वर्षों से आवंटित भूमि पर खेती कर रहा है, लेकिन आज तक अधिकार पर्ची नहीं मिलने का आरोप है। परिवार का कहना है कि दस्तावेजों के अभाव में खेती के विकास के लिए कुआं खुदवाने बैंक ऋण लेने में भी परेशानी हो रही है।
बताया जाता है कि सार्वजनिक निस्तार के कारण पहले आवंटित जमीन के बदले दूसरी भूमि देने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। तत्कालीन राजस्व अधिकारियों द्वारा अधिकार पत्र तैयार करने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन मामला अब तक लंबित है। सवाल यह है कि आखिर चार दशक तक फाइलें कहां अटकी रहीं और जिम्मेदारी किसकी है?
महिला द्वारा शिविरों, जनदर्शन और कलेक्टर न्यायालय में आवेदन देने के बावजूद समाधान नहीं होने की बात कही गई है। वहीं, 22 अक्टूबर को भूमि प्रकरण से नाराजगी के चलते हाईस्कूल में ताला लगाने के निर्णय की जानकारी भी सामने आई है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अब प्रशासन से सवाल: पुराने आवंटन आदेशों और राजस्व रिकॉर्ड की जांच कब होगी? महिला को अधिकार पर्ची कब मिलेगी? जिला प्रशासन मामले की समयबद्ध जांच कर स्थिति स्पष्ट करे और नियमानुसार लंबित प्रक्रिया पूरी करे। चार दशक का इंतजार अब खत्म होगा या महिला को दफ्तरों के चक्कर ही काटने पड़ेंगे?