जिला एमसीबी में युक्तियुक्तकरण को लेकर बवाल, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने डीईओ पर लगाए गंभीर आरोप शिक्षकों की नियुक्ति में भ्रष्टाचार व भेदभाव का मामला, सरकार से की डीईओ को निलंबित करने की मांग
राजेश साहू ब्यूरो, जिला-एमसीबी
जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) में शिक्षा विभाग के युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) अजय मिश्रा पर भ्रष्टाचार और भेदभाव जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
गुलाब कमरो ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि डीईओ द्वारा शिक्षकों की काउंसिलिंग प्रक्रिया में भारी अनियमितता बरती गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नजदीकी ग्रामीण विद्यालयों की रिक्त सीटों को जानबूझकर छुपाया गया और उनके स्थान पर शहर के प्रमुख विद्यालयों में डीईओ ने अपने चहेते और नजदीकी शिक्षकों की नियुक्ति कर दी।

पूर्व विधायक का कहना है कि इस तरह की नियुक्तियों से न सिर्फ योग्य शिक्षकों के साथ अन्याय हुआ है, बल्कि ग्रामीण छात्रों के भविष्य से भी खिलवाड़ किया गया है। उन्होंने इस पूरे मामले को शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर सीधा हमला बताते हुए डीईओ अजय मिश्रा को तत्काल सस्पेंड करने की मांग की है।
गुलाब कमरो ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे ऐसी विसंगतियां न हो सकें।
इस गंभीर प्रकरण को लेकर शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अब सभी की निगाहें सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।