चांपा स्टेशन मे पहली बार गठित सलाहकार समिति के प्रथम सदस्य बने बीडी दीवान, किशोर मोदी व विक्रम तिवारी
चांपा
,चांपा रेलवे-स्टेशन मे पहली बार स्टेशन सलाहकार समिति बनाई गई है, जिसके प्रथम सदस्य के रूप मे नगर के शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बीडी दीवान, भाजपा नेता किशोर मोदी और युवा पत्रकार विक्रम तिवारी को नियुक्त किया गया है।
विगत दिनों दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के द्वारा चांपा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति का गठन किया गया। जिसमें नगर के इन प्रतिष्ठित नागरिको को सदस्य बनाया गया है। डॉ दीवान शा एमएमआर स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य है। श्री मोदी प्रतिष्ठित व्यवसायी, समाजसेवी के साथ वर्तमान मे भाजपा के नेता भी है। वही विक्रम तिवारी युवा पत्रकार के साथ चांपा प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष है। यह मनोनयन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के अनुराग कुमार सिंह द्वारा किया गया है। स्टेशन सलाहकार समिति का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 तक के लिए होगा। वाणिज्य प्रबंधक श्री सिंह द्वारा चांपा के मुख्य स्टेशन प्रबंधक को परिचयात्मक बैठक बुलाने, समिति के सदस्यों से सुझाव मंगाए जाने एवं एजेंडे पर समुचित कार्यवाही करने के लिए कहा गया है।

ज्ञात हो कि चांपा जंक्शन को एन एस जी 3 कैटेगरी में रखा गया है। जहां स्टेशन सलाहकार समिति बनाने के पीछे रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सेवाओं सुविधाओं का समुचित विकास करना है, साथ ही यात्रियों को होने वाले असुविधाओं से रेलवे को समय समय पर अवगत कराना ताकि उसमें सुधार किया जा सके।
रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य बनाए जाने पर नगर के जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

क्या है समिति गठन का उद्देश्य?
रेलवे उपयोगकर्ताओं का बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा रेलवे द्वारा जमीनी स्तर पर प्रदान की जाने वाली सेवाओं/सुविधाओं से संबंधित मामलों पर रेलवे प्रशासन और उपयोगकर्ताओं के बीच परामर्श के लिए अधिक लगातार अवसर प्रदान करने तथा ऐसी सेवाओं सुविधाओं की कार्यक्षमता में सुधार लाना है।