कुर्सी से गिरे सीएम मोहन यादव, मंच पर बिगड़ा बैलेंस
नरसिंहपुर
नरसिंहपुर के गाडरवारा में सीएम डॉ. मोहन यादव कुर्सी पर बैठते वक्त अचानक गिर पड़े। हालांकि आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाल लिया।
दरअसल, सीएम मंच पर एक दिव्यांग बच्ची से बात कर रहे थे। बात करते करते ही वह कुर्सी पर बैठने लगे। इस दौरान उनका बैलेंस बिगड़ गया और वो गिर पड़े।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा पहुंचे। यहां उन्होंने 80 करोड़ 46 लाख रुपए की 135 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इससे पहले सीएम ने रोड शो भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा, मोदी जी ने न केवल देश का स्वरूप बदला है, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाया है।
सीएम ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- भय बिन होय न प्रीति। भय के बिना दोस्ती नहीं हो सकती। समर्थ होना चाहिए। देश जागरूक होना चाहिए। देश के अंदर असुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रबंधन होना चाहिए। सोने की चिड़िया तो हजारों साल से देश था, लेकिन सोने की चिड़िया से काम नहीं चलता। अब मोदी जी देश को सोने का बाज बना रहे हैं, दुश्मन को पकड़कर लाने के लिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव में सरकारी बसें चलाई जाएंगी। गुरु पूर्णिमा और दशहरा भी प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने भी कहा है कि बिना शक्ति के भक्ति अधूरी है। इसलिए हम देश को जागरूक और सामर्थ्यशाली बना रहे हैं।