BJP नेता के होटल में हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट:नेताओं-अफसरों तक पहुंचाई जाती थीं लड़कियां, छत्तीसगढ़, कोलकाता, असम और झारखंड से जबलपुर बुलाते थे दलाल
जबलपुर
जबलपुर के गढ़ा में बीजेपी नेता के होटल में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। यहां कोलकाता, असम, झारखंड और छत्तीसगढ़ से लड़कियों को बुलाया जाता था। ये भी आरोप है कि इन लड़कियों को नेताओं और अधिकारियों तक पहुंचाया जाता था। इस हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट को भाजपा नेता अतुल चौरसिया और उसका साथी शीतल दुबे चला रहा था। इसका खुलासा असम की एक की महिला की शिकायत के बाद हुआ
32 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि तीन साल पहले असम में मनीषा नाम की महिला ने उसे अच्छी नौकरी का झांसा देकर जबलपुर बुलाया था। यहां भाजपा नेता अतुल चौरसिया के होटल अतिथि में उसे ठहराया गया और फिर मजबूरी का फायदा उठाकर जिस्मफरोशी में धकेल दिया गया। पीड़िता ने बताया कि यहां लड़कियों को नेताओं, अधिकारियों और अन्य रसूखदारों के पास भेजा जाता था। हर रात अलग-अलग गाड़ियों से लोग आते, लड़कियों को उनके कमरों तक पहुंचाया जाता और सुबह बिना किसी रिकॉर्ड के वे लोग चले जाते।

पीड़िता के अनुसार यह धंधा पिछले तीन सालों से चल रहा था। लड़कियां दूसरे राज्यों से मंगाई जाती थीं। होटल का स्टाफ भी पूरी तरह इस रैकेट में शामिल था। ग्राहक की पसंद के अनुसार लड़की भेजी जाती थी। अधिकतर ग्राहक रसूखदार होते थे, जिनके नाम पूछने की इजाजत किसी को नहीं थी, लेकिन उनके तौर-तरीकों और गाड़ियों से उनकी पहचान स्पष्ट थी।
इस रैकेट का दूसरा मुख्य आरोपी शीतल दुबे (38), जो डिंडौरी जिले का रहने वाला है। शीतल खुद को किन्नर बताता है। वह भाजपा नेता अतुल के संपर्क में था और लड़कियों की व्यवस्था, उनकी ट्रेनिंग, ग्राहकों से सौदे और रसूखदारों तक इन्हें पहुंचाने का जिम्मा उसके पास था
पीड़िता ने यह भी बताया कि होटल में बिना लाइसेंस के शराब बेची जाती थी। ग्राहकों को कमरे में ही शराब परोसी जाती थी और फिर लड़की भेजी जाती थी।
18 मई को जब महिला ने रैकेट में काम करने से इनकार किया तो शीतल दुबे और उसके साथियों ने उसे होटल के एक कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। फिर उसे होटल से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद वह सीधे गढ़ा थाने पहुंची और पूरी कहानी पुलिस को बताई। महिला ने यह भी बताया कि वह बीते छह महीने से अपनी शिकायत लेकर पुलिस थाने के चक्कर काट रही थी, लेकिन अतुल की राजनीतिक पकड़ के कारण सुनवाई नहीं हो रही थी।
गढ़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए भाजपा नेता अतुल चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। दूसरी ओर, आरोपी शीतल दुबे फरार है, जिसकी तलाश में नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला और भोपाल में पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। पुलिस इस रैकेट से जुड़े अन्य सहयोगियों और होटल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है।