महाकाल दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे 5 दोस्त, एक की मौत; कार के परखच्चे उड़े
उज्जैन
उज्जैन में महाकाल दर्शन कर दिल्ली लौट रहे 5 दोस्तों की हाईस्पीड कार एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 1 दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि कार सवारों ने गूगल मैप पर दिल्ली लोकेशन डाली थी। वो हाईवे छोड़कर गूगल के बताए रूट पर आगे बढ़ रहे थे। तभी घटि्टया थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी गांव के पास हादसा हो गया। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए जानकारी के मुताबिक, दिल्ली निवासी पांच युवक अपनी अर्टिगा कार (DL 13-C-7474) से उज्जैन आए थे। सोमवार सुबह इन्होंने महाकाल मंदिर की भस्म आरती में भाग लिया, इसके बाद काल भैरव मंदिर के दर्शन किए और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वापसी में गूगल मैप की सहायता ली गई, लेकिन लोकेशन ने उन्हें कोटा हाईवे छोड़कर मालीखेड़ी गांव की ओर मोड़ने का संकेत दिया।
जैसे ही कार मालीखेड़ी गांव के पास एक मोड़ पर पहुंची, तेज रफ्तार के कारण पहले वह पुलिस बेरिकेडिंग से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, सभी युवक दिल्ली के प्रतिष्ठित परिवारों से हैं। कोई लॉ की पढ़ाई कर रहा है, तो किसी के पिता दिल्ली के बड़े चिकित्सक हैं। ये लोग उज्जैन आने से पहले उदयपुर भी घूमने गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घट्टिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और रास्ते के चयन को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।