सिविल सर्जन पर जानलेवा हमला कराने का आरोप
मुरैना
मुरैना में जिस कांग्रेसी नेता पर बदमाशों ने लाठी-डंडे से जानलेवा हमला किया, उसका घायल अवस्था में गुरुवार को एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कांग्रेस नेता राकेश परमार अस्पताल में अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग कर रहा है। उसने मारपीट कराने का आरोप मुरैना जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ गजेंद्र सिंह तोमर पर लगाया है।
दरअसल 26 मई को कांग्रेस नेता से मॉर्निंग वॉक पर मारपीट की गई थी। उसे डंडों से खूब पीटा गया था। घटना के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
इस पूरे मामले में नेता ने जिला अस्पताल में सिविल सर्जन गजेंद्र तोमर पर हमला कराने के आरोप लगाए हैं। नेता ने कहा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन गजेंद्र तोमर के खिलाफ कलेक्टर से की गई शिकायत है इसी वजह से प्राणघातक हमला हुआ।
शुक्रवार को हमने सिविल सर्जन तोमर के खिलाफ उनके द्वारा किए अश्लील कृत्य, जिला अस्पताल में लगे मेले के अधिकारियों के साथ किए भ्रष्टाचार की शिकायत कलेक्टर से की थी। इसके अलावा और भी कई गंभीर मुद्दों को साक्ष्यों के साथ में उनके खिलाफ बताया था। उसके बाद से गजेंद्र तोमर दूसरे लोगों के माध्यम से धमकियां दे रहा था। कांग्रेस नेता ने कहा गजेंद्र तोमर के लोगों को पता लग गया है कि मैं बच गया हूं। उनके आरोपी मुझे मारने के लिए अस्पताल के पास घूम रहे हैं, इसलिए पुलिस मुझे मदद करे।