कोरबा में अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन की कार्रवाई:
कोरबा
कोरबा जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध खनिज परिवहन में लगे 10 वाहन जब्त किए हैं।
इसके अलावा कोटमर्रा में रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा गया है। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान पाली क्षेत्र में रेत और ईंट का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर पकड़े गए। हरदीबाजार में रेत और ईंट ले जा रहे 3 ट्रैक्टरों के साथ गिट्टी परिवहन कर रहा एक हाइवा जब्त किया गया।
वहीं, दीपका क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रेलर और उरगा क्षेत्र में रेत ले जा रहे एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 10 वाहन जब्त किए गए हैं।
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इससे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकने में भी मदद मिलेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनिज परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।