राज्य

कांकेर में दो कृषि विस्तार अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार:

कांकेर

कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने दो ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर फसल बीमा की राशि निकलवाने के बदले कुल बीमा राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा रिश्वत के रूप में मांगने का आरोप है।

दोनों अधिकारी 90 हजार रुपए की बीमा राशि जारी कराने के एवज में रिश्वत मांग रहे थे। बुधवार को टीम ने 20 हजार रुपए की पहली किस्त लेते हुए दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, आमाबेड़ा तहसील के आलनार के सगाऊ राम कोमरा ने ACB जगदलपुर में इसकी शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि उनकी फसल खराब हो गई थी। इसके बीमा प्रकरण को तैयार कर 90 हजार रुपए की बीमा राशि निकलवाने के बदले ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण उर्फ रिंकू चंद्राकर और सुंदर लाल बच्छड़ ने कुल राशि का 75 प्रतिशत हिस्सा मांगा था।

सगाऊ राम रिश्वत देने के बजाय दोनों अधिकारियों को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। उसने ACB से इसकी शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच और सत्यापन किया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। इसके बाद बुधवार को ACB ने ट्रैप कार्रवाई की।

इस दौरान दोनों अधिकारियों को सगाऊ राम से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

ACB ने दोनों अधिकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image