दंतेवाड़ा में नक्सलियों का डंप बरामद:जवानों से लूटी गई AK-47 और इंसास राइफल मिलीं
दंतेवाड़ा
नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान के बाद दंतेवाड़ा पुलिस ने जंगलों में छिपे हथियारों और डंप की तलाश तेज कर दी है। बारसूर क्षेत्र के मंगनार, बुरदुम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगलों में सीआरपीएफ और डीआरजी के अभियान के दौरान जमीन के नीचे संदूक में छिपाया गया नक्सली डंप बरामद हुआ।
इसमें कांकेर क्षेत्र में वर्ष 2008 और 2009 में जवानों से लूटी गई एक-47 और इंसास रायफल भी मिली हैं।बरामद सामग्री में एक-47 राइफल 1, इंसास रायफल 1, भरमार 6, बीजीएल लॉन्चर 1, बीजीएल सेल 9, एक-47 मैगजीन 23, बीजीएल राउंड 5, टिफिन बम 2, कुकर बम 8, पिस्टन रॉड 24, कॉर्डेक्स वायर 20 मीटर, नक्सली वर्दी 2 जोड़ी, इंसास मैगजीन 1, 315 रायफल के 138 राउंड, वॉकी-टॉकी सेट 20, तीर बम 2, वायर 20 मीटर, मल्टीमीटर 1 और कार इनवर्टर 2 नग शामिल हैं।
दंतेवाड़ा पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार नक्सलियों ने अलग-अलग घटनाओं में करीब 100 हथियार लूटे थे। इनमें से 72 बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 हथियार अभी भी जंगलों में छिपे होने की आशंका है। वर्ष 2003 में गीदम थाने से करीब 30 हथियार लूटे गए थे। चोलनार ब्लास्ट और अन्य घटनाओं में भी 303 रायफल, इंसास और एके-47 जैसे हथियार लूटे गए थे।