राज्य

बिलाईगढ़ CMO पर गिरी गाज, यशवंत देवांगन निलंबित

‘वूमेन फॉर टी’ भुगतान लंबित रखने से लेकर परिषद एजेंडा में कूटरचना और स्वच्छता दीदियों से अमर्यादित व्यवहार के आरोप;

25 सितंबर को नगरीय प्रशासन संचालनालय ने जारी किया आदेश


बिलाईगढ़

नगर पंचायत बिलाईगढ़ के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी यशवंत देवांगन को नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 25 सितंबर 2026 को जारी आदेश के बाद नगर पंचायत के प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


विभागीय आदेश में देवांगन के खिलाफ ‘वूमेन फॉर टी’ का भुगतान लंबित रखने, परिषद के एजेंडा क्रमांक 21 में कूटरचना कर मूल विषय के स्थान पर अन्य विषय प्रस्तुत करने तथा स्वच्छता दीदियों के साथ अमर्यादित एवं अशोभनीय व्यवहार किए जाने संबंधी आरोपों का उल्लेख किया गया है। आदेश के अनुसार इन मामलों में उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।
निलंबन अवधि में देवांगन का मुख्यालय क्षेत्रीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, बिलासपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता भी रहेगी।
पदभार संभालने के बाद से ही विवादों में रहा कार्यकाल


बिलाईगढ़ नगर पंचायत में प्रभारी CMO का पदभार संभालने के बाद देवांगन से जुड़े कई मामले चर्चा में रहे। कुछ समय पूर्व उन्होंने SDM, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों के खिलाफ थाने में शिकायत किए जाने का मामला भी सामने आया था। इसके बाद स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर हुए फेरबदल को लेकर भी चर्चाएं हुईं।


इसी बीच नगर पंचायत से जुड़े एक जनप्रतिनिधि की ओर से भी CMO के खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई। शिकायतों और विभागीय स्तर पर हुई कार्रवाई के बाद अब 25 सितंबर को जारी निलंबन आदेश ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।
फिलहाल विभागीय आदेश के बाद यशवंत देवांगन निलंबित हैं और उनका मुख्यालय बिलासपुर निर्धारित किया गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image