राज्य

प्रयास आवासीय विद्यालय में 2 छात्रों से रैगिंग का आरोप:12वीं के छात्रों ने जूनियरों को पीटा, परिजनों को नहीं दी सूचना, दर्ज हुई FIR

सरगुजा

सरगुजा के प्रयास आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ 12वीं के छात्रों ने मारपीट कर दी। मारपीट में दोनों छात्र बेहोश हो गए और उन्हें चोटें भी आईं। घटना के बाद छात्रों के अभिभावकों ने रैगिंग का आरोप लगाते हुए गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने 12वीं कक्षा के चार छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, अजाक आयुक्त का कहना है कि छात्रों के साथ रैगिंग नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, शिक्षक दिवस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट की घटना हुई।

जानकारी के मुताबिक, प्रयास आवासीय विद्यालय में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ 3 सितंबर की रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच 12वीं कक्षा के छात्रों ने मारपीट की। आरोप है कि 12वीं के छात्रों ने दोनों को कड़े से मारा, जिससे उन्हें चोटें आईं। मारपीट के दौरान प्रशांत कुमार मार्को नाम का एक छात्र बेहोश हो गया। छात्रों के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद प्रयास हॉस्टल के वार्डन दोनों को अस्पताल लेकर गए, जहां उनका इलाज कराया गया।

परिजनों का आरोप है कि हॉस्टल या स्कूल प्रबंधन ने उन्हें घटना की जानकारी तक नहीं दी। इस बात को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। इसके बाद अजय कुमार मार्को दूसरे छात्र के परिजनों के साथ गांधीनगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि मामले में चार छात्रों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में रैगिंग की बात सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, छात्रों के बीच आपसी विवाद के बाद मारपीट हुई।

थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट के आरोपी छात्र नाबालिग हैं या बालिग, इसकी जांच की जा रही है। सहायक आयुक्त ने बताया कि मारपीट में घायल दोनों छात्रों का तुरंत इलाज कराया गया। उन्होंने हॉस्टल या स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के लगाए गए आरोपों को भी खारिज किया।

Leave Your Comment

Click to reload image