राज्य

मुंगेली जिला अस्पताल अंधेरे के आगोश में, बाहर सड़क किनारे शराबखोरी की शिकायत

इमरान खोखर बिहान ब्यूरो चीफ 

शाम होते ही बढ़ती परेशानी, मरीजों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

मुंगेली। मिली जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल मुंगेली और उसके आसपास शाम के समय प्रकाश व्यवस्था तथा सड़क किनारे असामाजिक गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शाम ढलने के बाद अस्पताल परिसर के कुछ हिस्सों और आसपास के मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से मरीजों, उनके परिजनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं अस्पताल के आसपास सड़क किनारे कुछ लोगों द्वारा शराब का सेवन किए जाने की शिकायत भी सामने आ रही है।

अंधेरे में मरीज और परिजन परेशान

जिला अस्पताल में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से रोजाना बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के बाद अस्पताल परिसर एवं आसपास के कुछ हिस्सों में प्रकाश व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। कई बार मरीजों और उनके परिजनों को मोबाइल की रोशनी अथवा अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है।

अस्पताल परिसर में उपचार के लिए आने वाले मरीजों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल होते हैं। ऐसे में रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर एवं आसपास के प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और अन्य प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।

सड़क किनारे शराबखोरी की शिकायत

स्थानीय नागरिकों के अनुसार शाम ढलने के बाद जिला अस्पताल के आसपास मुख्य मार्ग एवं सड़क किनारे कुछ स्थानों पर लोगों के बैठकर शराब का सेवन करने की शिकायत सामने आती रही है। लोगों का कहना है कि वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर बैठने से आवागमन में भी परेशानी होती है।

अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास इस तरह की गतिविधियों को लेकर मरीजों और उनके परिजनों में असहजता की स्थिति बनती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल आने-जाने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस एवं प्रशासन को समय-समय पर निगरानी और गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है।

लंबे समय से समस्या होने का दावा

स्थानीय निवासियों का दावा है कि प्रकाश व्यवस्था और सड़क किनारे शराबखोरी से जुड़ी समस्या नई नहीं है। उनका कहना है कि समय-समय पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया है। इसके बावजूद समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी है।

लोगों ने अस्पताल परिसर में खराब अथवा बंद पड़ी लाइटों की जांच कर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने तथा अस्पताल के आसपास नियमित निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

अस्पताल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत

जिला अस्पताल मरीजों और उनके परिजनों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। ऐसे में यहां बेहतर प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के आसपास पर्याप्त रोशनी, नियमित पुलिस गश्त और सड़क किनारे होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी से स्थिति में सुधार हो सकता है।

अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग इस शिकायत का संज्ञान लेकर अस्पताल परिसर और आसपास की प्रकाश व्यवस्था की जांच करता है या नहीं तथा सड़क किनारे शराब सेवन की शिकायतों पर पुलिस स्तर से क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave Your Comment

Click to reload image