भोपाल में पेड़ से टकराई कार, 3 की मौत:
भोपाल
भोपाल के खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल है। मृतकों की पहचान प्रीत आहूजा, विशाल डाबी और पंकज सिसोदिया के रूप में हुई है। प्रीत कपड़े की दुकान चलाता था। विशाल उसी की दुकान में काम करता था। हादसे में घायल राहुल कंडारे को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक्सीडेंट चिरायु अस्पताल के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस और एम्बुलेंस सूचना देने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची।
MP04 EA 6004 नंबर की पोलर व्हाइट कलर की हुन्डई वेन्यू कार प्रीत आहूजा के भाई कमलेश आहूजा के नाम पर रजिस्टर्ड है।
पेड़ से टकराने से पहले कार ने सड़क किनारे गुमटी को भी टक्कर मारी थी। टक्कर के बाद कार दो टुकड़ों में बंट गई। चेसिस भी टूट गया।
डैशबोर्ड के नीचे विशाल और प्रीत फंस गए थे। गेट और डैशबोर्ड को काटने के बाद उनकी बॉडी निकाली जा सकी। इस पूरी कवायद में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। पुलिस का अनुमान है कि हादसे के समय कार की स्पीड 120 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रही होगी। आम तौर पर स्पीड 100 से 120 किमी प्रति घंटे पर होती है तो हादसे के वक्त एयरबैग फटते नहीं है। इस हादसे में कार के एयरबैग तक फट गए हैं।