राज्य

दुर्ग- स्कूली बच्चों का चक्काजाम, कलेक्टर से मिलने अड़े

दुर्ग-भिलाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पेंड्रावन आत्मानंद स्कूल में 9वीं से 12वीं तक करीब 400 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, लेकिन स्कूल में सिर्फ 3 टीचर और 1 प्रिंसिपल हैं। बच्चों का कहना है कि टीचरों की कमी के कारण उनका कोर्स पूरा नहीं हो पाता। कम से कम 17 शिक्षक होने चाहिए।

इसी मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने 21 अगस्त को प्रदर्शन किया था, लेकिन मांग पूरी नहीं होने पर 25 अगस्त को दोबारा खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

यह मार्ग बेमेतरा और धमधा को जोड़ता है। बच्चों के प्रदर्शन के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया है। स्कूली छात्राओं ने कहा कि वे कलेक्टर और शिक्षा मंत्री के अलावा किसी अन्य अधिकारी से बात नहीं करेंगी। बच्चों का प्रदर्शन दोपहर से जारी है और वे अपनी मांग पूरी होने तक सड़क पर डटे हैं।

वहीं, दूसरा केस जिले के सेलूद के स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। जहां 6वीं से 8वीं तक के 203 छात्र-छात्राओं ने टॉयलेट और बाउंड्रीवॉल की मांग को लेकर स्कूल गेट पर तालाबंदी की। इसके बाद दुर्ग-पाटन मेन रोड पर करीब एक घंटे तक चक्काजाम किया। बच्चों का कहना है कि पिछले 2 साल से स्कूल में टॉयलेट नहीं है। लड़कियां ने सवाल किए कि खुले में कहां जाएंगे।

सूचना पर शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और चर्चा कर समाधान का आश्वासन दिया। विभाग ने बताया कि संबंधित शासन योजना के तहत ऑनलाइन प्रस्ताव पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के लिए स्कूल प्रिंसिपल को राशि जारी की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image