राज्य

कांकेर मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर

कांकेर

कांकेर के स्व. इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाला 15,900 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है।

इसी के विरोध में डॉक्टरों ने कॉलेज परिसर में धरना दिया और 'वास्तेगुना हुईया' तथा 'कुचु पुचु' लिखे पोस्टर लेकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया।

इंटर्न डॉक्टरों की मांग है कि उनका स्टाइपेंड बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए। उनका कहना है कि दूर-दराज के सीएचसी और पीएचसी में ड्यूटी, आने-जाने का खर्च, पीजी प्रवेश परीक्षा की तैयारी और महंगी किताबों का खर्च मौजूदा स्टाइपेंड में पूरा करना संभव नहीं है।

वहीं इंटर्न डॉक्टर मोरध्वज ने कहा कि इंटर्न डॉक्टर सालभर ओपीडी, वार्ड और इमरजेंसी सेवाओं में 24 घंटे तक ड्यूटी करते हैं। पिछले कई महीनों से वे ब्लैक रिबन बांधकर और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे थे, लेकिन कोई निर्णय नहीं होने के कारण अब उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करना पड़ा।

हड़ताल पर बैठे डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन शांतिपूर्ण है और मरीजों को परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कैजुअल्टी (इमरजेंसी) सेवाओं में डॉक्टर अपनी ड्यूटी जारी रखे हुए हैं, ताकि गंभीर मरीजों का उपचार प्रभावित न हो।

इंटर्न डॉक्टरों ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे वे आंदोलन समाप्त कर पूरी तरह मरीजों की सेवा में लौट सकेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image