नवागढ़ के नवीन महाविद्यालय मैदान पर फिर मंडराया अतिक्रमण का खतरा
तहसीलदार ने पहले रुकवाया था निर्माण, अब छुट्टी के दिनों में फिर सक्रिय होने का आरोप; कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
ज़िला जांजगीर चांपा ब्लॉक नवागढ़ नवागढ़।
नगर के नवीन विद्यालय के खेल मैदान पर अतिक्रमण का मामला एक बार फिर चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस निर्माण कार्य को पहले तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया था, वही अब छुट्टी के दिनों का फायदा उठाकर धीरे-धीरे पक्के मकान का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय का मैदान बच्चों के खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रहना चाहिए, लेकिन कथित अतिक्रमण के कारण इसका अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी और स्थायी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जनपद पंचायत, तहसील प्रशासन और एसडीएम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अतिक्रमण स्थायी निर्माण का रूप ले सकता है, जिससे भविष्य में सरकारी भूमि को बचाना और कठिन हो जाएगा।