राज्य

नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस की सख्ती, 52 मामलों में ₹84 हजार का जुर्माना तीन दिवसीय विशेष अभियान में 52 चालान, अभिभावकों को दी गई सख्त चेतावनी

सारंगढ़-बिलाईगढ़,

1 अगस्त। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और नाबालिगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 52 मामलों में कुल 84 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।


पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में जिला यातायात पुलिस ने जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान वाहन चलाते मिले नाबालिगों के अभिभावकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए समझाइश दी कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने न दें। यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनकी और दूसरों की जान के लिए भी खतरा है।


अभियान के दौरान 29 जुलाई को 20 मामलों में 20 हजार रुपये, 30 जुलाई को 22 मामलों में 44 हजार रुपये और 31 जुलाई को 10 मामलों में 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। तीन दिनों में कुल 52 प्रकरणों में 84 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न दें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image