राज्य

कोरबा की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में आग लगी

कोरबा

कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित कार्बन फैक्ट्री में शनिवार दोपहर बॉयलर में ब्लास्ट होने से आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में 30 से 40 मजदूर काम कर रहे थे। धमाके की आवाज सुनते ही सभी मजदूर बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

ब्लास्ट के बाद आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटों और काले धुएं से पूरा इलाका घिर गया। धुएं के साथ केमिकल की तेज बदबू और जलन महसूस होने लगी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही नगर सेना की दमकल टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए करीब तीन घंटे तक लगातार प्रयास किया गया। लगभग आठ दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दोबारा आग न भड़के, इसके लिए कूलिंग का काम भी जारी रखा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। अब तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है और सभी मजदूर सुरक्षित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी इसी कार्बन फैक्ट्री में आग और हादसे की घटना हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image