राज्य

जन्मदिन का जश्न मातम में बदला: शिवनाथ नदी में बहे दो किशोर, एक का शव बरामद; दूसरे की तलाश जारी

आठ दोस्त पहुंचे थे जन्मदिन मनाने, नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए दो किशोर; SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई

दुर्ग, 25 जुलाई 2026।

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी-पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने पहुंचे दोस्तों का जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब नदी में नहाने उतरे दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचे थे। इसी दौरान दो किशोर नदी में नहाने के लिए उतरे। पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों उसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते गहरे पानी में डूब गए।

घटना की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पहुंची और डीप डाइविंग के माध्यम से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

14 वर्षीय रेहान का शव बरामद

कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ की टीम ने रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला का शव नदी से बरामद किया। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

वहीं, नदी में डूबे दूसरे किशोर का फिलहाल पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में अभियान चला रही है।

SDRF की टीम ने संभाला मोर्चा

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व धनीराम यादव ने किया। टीम में भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप सहित एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बारिश में नदी-नालों से दूरी रखने की अपील

बारिश के मौसम में शिवनाथ सहित जिले की नदियों और नालों में जलस्तर एवं बहाव बढ़ने को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों और जलाशयों में न उतरें तथा बच्चों और किशोरों को भी ऐसे स्थानों पर जाने से रोकें।

Leave Your Comment

Click to reload image