राज्य

श्री अजय भसीन स्वावलंबी भारत अभियान के छत्तीसगढ़ प्रदेश सह-समन्वयक नियुक्त

विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई

भिलाई। स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में स्वावलंबी भारत अभियान ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्री अजय भसीन को छत्तीसगढ़ प्रदेश सह-समन्वयक नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा क्षेत्रीय विचार वर्ग के दौरान क्षेत्रीय संयोजक श्री सुधीर दाते ने की।

श्री अजय भसीन की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। संगठन से जुड़े लोगों का मानना है कि उनके लंबे सामाजिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित दृष्टिकोण से अभियान को नई ऊर्जा और व्यापक जनसंपर्क का लाभ मिलेगा।

प्रदेश सह-समन्वयक के रूप में श्री भसीन प्रदेशभर में स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन, स्थानीय उद्योगों एवं उद्यमों के संवर्धन, रोजगार सृजन तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का दायित्व निभाएंगे। साथ ही वे युवाओं, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों को जोड़कर स्वावलंबी भारत के उद्देश्य को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास करेंगे।

संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री भसीन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित आधारित आर्थिक चिंतन को समाज में व्यापक समर्थन प्राप्त होगा तथा अभियान की गतिविधियां प्रदेश में और अधिक प्रभावी रूप से संचालित होंगी।

स्वावलंबी भारत अभियान लंबे समय से देश में स्वदेशी उत्पादन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। श्री अजय भसीन की नियुक्ति को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उक्त जानकारी श्री शंकर सचदेव द्वारा प्रदान की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image