राज्य

कृषक सलाहकार समिति की बैठक आयोजित, खरीफ 2026-27 की कृषि गतिविधियों पर हुई व्यापक चर्चा

प्रद्युम्न शुक्ल,ब्यूरो चीफ कांकेर बिहान छत्तीसगढ़ 

भानुप्रतापपुर, 12 जून 2026। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय भानुप्रतापपुर में एक्सटेंशन रिफॉर्म्स ‘आत्मा’ योजनांतर्गत विकासखंड स्तरीय कृषक सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा किसानों के हित से जुड़े विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में आत्मा योजना के अंतर्गत किसानों के क्षमता विकास और तकनीकी ज्ञान के विस्तार हेतु राज्य के भीतर एवं राज्य के बाहर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन, जिले के अंदर प्रशिक्षण, शैक्षणिक भ्रमण तथा अध्ययन दौरों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं समिति के सदस्यों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों तथा नवाचारों को किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

इसके अलावा आगामी खरीफ वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर कृषि एवं संवर्गीय विभागों द्वारा संचालित की जाने वाली गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि विभाग के साथ-साथ मत्स्य पालन, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।

बैठक में खरीफ मौसम के दौरान आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शन कार्यक्रम, खरीफ फार्म स्कूल, किसान संगोष्ठी, खाद्य सुरक्षा समूह, कृषक अभिरूचि समूह तथा अन्य विस्तार गतिविधियों के संचालन संबंधी प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। किसानों को नई तकनीकों और वैज्ञानिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर सहमति बनी।

साथ ही विकासखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर किसानों को दिए जाने वाले विभिन्न पुरस्कारों के लिए पात्र हितग्राहियों के चयन एवं प्रोत्साहन संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श उपरांत सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया गया।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने किसानों के समग्र विकास, कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता वृद्धि, कृषि विविधीकरण तथा आत्मनिर्भर कृषि व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प दोहराया। समिति के सदस्यों ने भी किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image