राज्य

बरमकेला बस स्टैंड का सामुदायिक शौचालय बना बदहाली का प्रतीक, गंदगी और बदबू से यात्री परेशान.

सारंगढ़-बिलाईगढ़//

स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं के दावों के बीच बरमकेला बस स्टैंड स्थित सामुदायिक शौचालय की हालत बद से बदतर हो चुकी है। रोजाना सैकड़ों यात्रियों और स्थानीय लोगों द्वारा उपयोग किए जाने वाला यह शौचालय अब गंदगी, बदबू और अव्यवस्थाओं का केंद्र बन गया है। हालत ऐसी है कि लोग मजबूरी में शौचालय का उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन अंदर जाते ही नाक बंद करने को मजबूर हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं हो रही है। कई जगहों पर गंदा पानी जमा है, सीटें टूटी हुई हैं और परिसर में इतनी दुर्गंध फैली रहती है कि कुछ मिनट खड़ा रहना भी मुश्किल हो जाता है। बस स्टैंड में बाहर से आने वाले यात्रियों पर इसका गलत असर पड़ रहा है और नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।

महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी

बस स्टैंड में हर दिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग आते-जाते हैं, लेकिन शौचालय की खराब स्थिति के कारण उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि शौचालय के अंदर सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है, कई बार पानी भी उपलब्ध नहीं रहता। इससे लोग मजबूरी में खुले स्थानों का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं।

जर्जर भवन बना खतरा

सिर्फ गंदगी ही नहीं, बल्कि शौचालय भवन की स्थिति भी चिंताजनक हो गई है। दीवारों में दरारें दिखाई दे रही हैं और कई हिस्सों का प्लास्टर टूट चुका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इस सामुदायिक शौचालय की देखरेख पूरी तरह लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है।

लोगों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान सिर्फ पोस्टरों और भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीन पर भी दिखाई देना चाहिए। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देता है या फिर बस स्टैंड का यह शौचालय यूं ही बदबू और बदहाली का केंद्र बना रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image