राज्य

बिलासपुर में ‘क्राइम ब्रांच’ अफसर बनकर की ठगी

बिलासपुर

बिलासपुर में ठगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर एक रिटायर कर्मचारी को पहले डराया। फिर लूट की आंशका पर सोने की चेन और अंगूठी उतरवा लिए, जिसके बाद गहनों को कागज में लपेट कर घर ले जाने की बात कही।

इस दौरान चकमा देकर ठगों ने जेवर खुद रख लिए और बुजुर्ग रिटायर्ड कर्मचारी को कागज की पुड़िया में पत्थर थमाकर भाग गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। कुम्हारपारा के रूखमणी विहार निवासी हरि प्रसाद पटेल ने पुलिस को बताया कि वे 25 फरवरी की दोपहर लिंक रोड स्थित अपने बेटे की मिलन किराना स्टोर दुकान पर खाना पहुंचाने गए थे। दोपहर में करीब 3 बजे स्कूटी (नंबर सीजी 10 एएच 7182) से घर लौटते समय समता कॉलोनी के पास मगरपारा क्षेत्र के पास पहुंचे थे। इस दौरान तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका।

इस दौरान बाइक सवार दोनों युवकों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि, सिग्नल तोड़कर जा रहे हो, रोड का नियम नहीं देखते क्या। इसी बीच एक अन्य स्कूटी सवार को भी रोका और उसे थप्पड़ मारते हुए गले की चेन उतरवाकर कागज में लपेटकर वापस दे दिए।

इसके बाद उन्होंने हरि प्रसाद के गले से 10 साल पुरानी 3 तोला सोने की चेन और 3 ग्राम की अंगूठी उतरवा लिए, जिसे एक कागज की पुड़िया उनके थैले में रख दी। उन्हें घर जाकर सुरक्षित रखने की बात कहकर युवक चले गए।

कुछ दूर जाने के बाद जब बुजुर्ग ने पुड़िया खोला तो उसमें दो छोटे-छोटे पत्थर निकले। वे कागज में पत्थर देखकर तत्काल वापस घटनास्थल पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों बदमाशों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave Your Comment

Click to reload image