राज्य

समय-सीमा बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा डिजिटल जनगणना-2027, हीटवेव और पेयजल संकट पर अग्रिम कार्ययोजना के निर्देश

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 
मुंगेली। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सोमवार को समय-सीमा की साप्ताहिक बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस कार्ययोजना बनाकर सभी योजनाओं में बेहतर, समयबद्ध और परिणाममुखी प्रगति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने बताया कि आगामी जनगणना-2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी। यह प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी—पहले चरण में मकानों का सूचीकरण और दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। यह कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से होगा तथा सेंसस मैनेजमेंट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम से निगरानी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल हेड काउंट प्रक्रिया है, इसमें किसी प्रकार का इन्टाइटलमेंट परिवर्तन या संवेदनशील व्यक्तिगत जानकारी शामिल नहीं होगी। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।

निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। अनावश्यक विलंब और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही जनशिकायतों के त्वरित निराकरण, ठेकेदारों के लंबित भुगतान तथा ग्रामीण यंत्र सेवा के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में बायोमेट्रिक उपस्थिति, ई-ऑफिस के माध्यम से फाइल प्रेषण, निर्धारित समय पर कार्यालय उपस्थिति और जनसुनवाई को अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। हीटवेव और संभावित पेयजल संकट को देखते हुए अग्रिम तैयारी, राशन दुकानों में चावल की उपलब्धता, खाद-बीज की व्यवस्था तथा विभिन्न हितग्राही योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में जिले की रैंकिंग सुधारने के लिए सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image