जातिगत गाली और जान से मारने की धमकी का मामला गरमाया
पीड़ित ने थाना पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार, रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग
सारंगढ़। जिले के सारंगढ़ क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति के साथ जातिसूचक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने सिटी कोतवाली सारंगढ़ में लिखित शिकायत देकर रिपोर्ट दर्ज करने और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामनाथ सिदार, निवासी वार्ड क्रमांक 10 खैरहा, तहसील सारंगढ़, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि 20 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 11 बजे गांव में जमीन संबंधी विवाद के दौरान संतोष गुप्ता द्वारा उन्हें जातिगत शब्दों से अपमानित किया गया। साथ ही गंभीर धमकी देते हुए जान से मारने की बात कही गई।
पीड़ित का कहना है कि वह अनुसूचित जनजाति वर्ग से हैं और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित कर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी कथित रूप से पूरा घटनाक्रम देखा और सुना है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपी भविष्य में किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है, जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा है।
घटना के बाद पीड़ित ने थाना प्रभारी को आवेदन सौंपते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही इस मामले की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और अनुसूचित जनजाति आयोग को भी भेजी गई है।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। सामाजिक संगठनों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति जातिगत भेदभाव और धमकी जैसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करता है। क्षेत्रवासियों की नजरें प्रशासनिक कदमों पर टिकी हुई हैं।