बिलाईगढ़ में बिना एनओसी चल रहे विश्वास क्लीनिक पर कार्रवाई…प्रशासन ने किया सील…
सारंगढ़ बिलाईगढ़ :- बिलाईगढ़ के बंगलाभाटा में संचालित विश्वास क्लीनिक को प्रशासनिक टीम ने सील कर दिया है। जांच में क्लीनिक नगर पंचायत की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना संचालित पाया गया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रफुल्ल रजक ने बताया कि क्लीनिक के खिलाफ गलत इलाज सहित कई गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार कमलेश सिदार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार देवराज सिदार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ प्रकाश कुर्रे और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच कराई गई। जांच के दौरान पाया गया कि क्लीनिक नगर पंचायत की एनओसी के बिना संचालित हो रहा था। साथ ही यह जानकारी भी सामने आई कि क्लीनिक संचालक डॉ. सौरभ विश्वास अक्सर बाहर रहते हैं और उनके पिता क्लीनिक का संचालन संभालते हैं। इन अनियमितताओं के आधार पर क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई की गई।