राज्य

रायगढ़ ने जाना एक्यूप्रेशर और आयुर्वेद के रहस्य : बेलडुला में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित

रायगढ़ अंचल।
रायगढ़ जिले के बेलडुला स्थित सिंधी धर्मशाला में अमूल्या एकेडमी के तत्वावधान में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को दवाओं पर निर्भर हुए बिना स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। शिविर में एक्यूप्रेशर एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श प्रदान किया गया।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बताया कि एक्यूप्रेशर की मदद से सिरदर्द, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द, गैस, कब्ज, तनाव, अनिद्रा, माइग्रेन, रक्तचाप और पाचन संबंधी अनेक बीमारियों का प्रभावी उपचार संभव है। यह चिकित्सा पद्धति शरीर के विशेष बिंदुओं पर दबाव डालकर रक्त संचार को बेहतर बनाती है और शरीर की प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करती है। इसमें किसी प्रकार की दवा का उपयोग नहीं होता, जिससे इसके कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होते।

आयुर्वेदिक विशेषज्ञों ने जीवनशैली में छोटे-छोटे बदलाव, संतुलित आहार, योग और दिनचर्या सुधार के महत्व पर भी प्रकाश डाला। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञों से व्यक्तिगत परामर्श प्राप्त किया।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य समाज में प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को दीर्घकालिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

एक्यूप्रेशर से कम खर्च में संभव प्रभावी उपचार : विवेक साहू

अमूल्या एकेडमी के विशेषज्ञ विवेक साहू ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक्यूप्रेशर और आयुर्वेद आधारित उपचार पद्धति प्राकृतिक, सुरक्षित और किफायती है। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा के माध्यम से सेवार्थी बिना महंगे इलाज के भी गंभीर से गंभीर समस्याओं में राहत पा सकता है। शरीर के विशेष बिंदुओं पर दबाव देकर रोगों की जड़ तक उपचार किया जाता है, जिससे दवाओं पर निर्भरता कम होती है। विवेक साहू के अनुसार एक्यूप्रेशर उपचार आज के समय में जनसामान्य के लिए एक प्रभावी और सरल विकल्प बनता जा रहा है।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस विशेष कार्यक्रम में विशेषज्ञ मीनाक्षी पंजाबी रायगढ़ विशेषज्ञ विवेक साहू सारंगढ़ मोहन राव डोंगरगढ़ अखिलेश लुनिया बिलासपुर के साथ साथ भारी संख्या में रायगढ़ के सेवार्थीगण उपस्थित रहे ।

Leave Your Comment

Click to reload image