राज्य

अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर मुंगेली में सख्ती, कहा— नियमों से ऊपर कोई नहीं

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 

नगर में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी और संदेशात्मक कार्रवाई की है। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2 (सरदार पटेल वार्ड) में स्वीकृत नक्शे से अधिक निर्माण एवं नजूल भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने पर शुक्रवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध हिस्से को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से पूरे नगर में यह स्पष्ट संदेश गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को अब किसी भी हाल में राहत नहीं दी जाएगी।

शिकायतों के बाद संयुक्त जांच, आरोपों की पुष्टि : प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार नगर पालिका, राजस्व विभाग एवं नजूल विभाग को लंबे समय से अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर गठित संयुक्त जांच टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जिसमें यह तथ्य सामने आया कि संबंधित निर्माणकर्ता द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत अतिरिक्त निर्माण किया गया है। साथ ही शासकीय नजूल भूमि पर अतिक्रमण की भी पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट में आरोप सही पाए जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया गया अवैध निर्माण : बताया गया कि नगर पालिका द्वारा संबंधित निर्माणकर्ता रुचि जैन को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में स्पष्ट रूप से उल्लेख था कि निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुरूप नहीं है तथा नजूल भूमि पर अतिक्रमण किया गया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इसके बाद प्रशासन ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई : शुक्रवार सुबह नगर पालिका, राजस्व एवं नजूल विभाग का अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण के हिस्से को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

 मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमणकर्ता को पूर्व में नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय-सीमा में पालन नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

वहीं अनुविभागीय अधिकारी अजय शतरंज ने कहा कि वार्ड क्रमांक 2, सरदार पटेल वार्ड में रुचि जैन द्वारा कराए गए अवैध निर्माण पर आज प्रशासन एवं नगर पालिका अमले द्वारा कार्रवाई की गई है। आगे भी प्रतिवेदन प्राप्त होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भाजपा नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा ने प्रशासन की कार्रवाई को उचित और सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि नगर के सुव्यवस्थित विकास के लिए नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। अवैध निर्माण से नगर की व्यवस्था प्रभावित होती है और भविष्य की विकास योजनाओं में बाधा आती है। इस कार्रवाई से आम नागरिकों का यह विश्वास मजबूत हुआ है कि कानून सभी के लिए समान है।

Leave Your Comment

Click to reload image