विचारपुर शुक्लाभाठा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों का पुष्पमालाओं से सम्मान
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । सेवा सहकारी समिति सिंगारपुर 1065 के अंतर्गत संचालित उपार्जन केंद्र विचारपुर शुक्लाभाठा में शुक्रवार को धान खरीदी सत्र का शुभारंभ पारंपरिक विधियों और गरिमामयी वातावरण में हुआ। समारोह का नेतृत्व सतनाम सेना युवा जिलाध्यक्ष एवं सभापति प्रतिनिधि नेमसिंह बोगी बारमते ने किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर धान तौल प्रक्रिया का शुभारंभ किया और किसानों को सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए समर्थन मूल्य खरीदी को ऐतिहासिक बताया। सोसायटी के परधिकृत अध्यक्ष नारायण शर्मा एवं ग्राम पंचायत के सरपंच उमेश गबेल ने खरीदी केंद्र में पहुंचने वाले किसानों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में तौल मशीन, बारदाना, पेयजल एवं बैठने की सुविधा सहित सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर दी गई हैं। धान की पूजा के बाद प्रथम तौल के लिए स्थानीय किसानों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान उपस्थित किसानों में साधुराम बारमते, रूपई साहू, गुड्डु ठाकुर, प्रमोद गबेल, भजन बंजारे एवं लवकेश गर्ग शामिल रहे। किसानों ने समय पर खरीदी प्रारंभ होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। कार्यक्रम में अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और स्लॉट के अनुसार ही धान लेकर आएँ ताकि खरीदी कार्य सुचारु एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की इस सफल शुरुआत ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है।