गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री का बॉयलर फटा:MP के 17 मजदूरों की मौत, 3 गंभीर घायल, पांच लोगों को बचाया गया
अहमदाबाद/
गुजरात के बनासकांठा में पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मध्यप्रदेश के 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर है। वहीं, पांच मजदूर मामूली रूप से घायल हुए हैं।
फैक्ट्री डीसा के धुनवा रोड पर है। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बॉयलर फटने से फैक्ट्री में आग लगी थी। मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। अचानक हुए विस्फोट से उन्हें भागने का भी मौका नहीं मिला। विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग भी करीब 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्ट्री के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। आग पर काबू पाने के बाद अब फायर ब्रिगेड के कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर कूलिंग कर रहे हैं।

डीसा एसडीएम नेहा पांचाल ने बताया कि घटना में सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल 3 लोगों का इलाज चल रहा है। ये 40 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है। जल्द ही हादसे की सही वजह का पता लगाया जाएगा।दीपक ट्रेडर्स नाम की यह पटाखा फैक्ट्री खूबचंद सिंधी की है। वह इस फैक्ट्री में विस्फोटक लाकर पटाखा बनवाते थे। हालांकि, अब तक की जांच में पता चला है कि कंपनी मालिक के पास केवल पटाखा बेचने का लायसेंस है, बनाने का नहीं, इसलिए स्थानीय पुलिस आगे की जांच में जुटी है।