ग्राम पंचायत कोसमंदा में फर्जी आवास निर्माण की जांच 21 नवंबर को जनपद पंचायत पलारी ने संबंधितों को जांच में उपस्थित रहने के दिए निर्देश
गोविन्द राम ब्यूरो चीफ बिहान छत्तीसगढ़ बलौदाबाजार पलारी
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत फर्जी आवास निर्माण की शिकायत के मामले में जनपद पंचायत पलारी ने जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पत्रकार द्वारा की गई मौखिक शिकायत के आधार पर यह मामला प्रकाश में आया, जिसमें ग्राम पंचायत कोसमंदा के आवास मित्र राजकुमार साहू एवं ग्राम रोजगार सहायक पर गलत तरीके से फर्जी आवास निर्माण कराने के आरोप लगे हैं।
जनपद पंचायत पलारी द्वारा जारी पत्र क्रमांक 2611, दिनांक 18/11/2025 के अनुसार, शिकायत की सत्यता की जांच हेतु 21 नवंबर 2025 को दोपहर 12:00 बजे ग्राम पंचायत कोसमंदा में आवास स्थल का निरीक्षण किया जाएगा।
जांच अधिकारी ने संबंधित सभी व्यक्तियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। जनपद प्रशासन का कहना है कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार, फर्जी आवास निर्माण को लेकर लंबे समय से संदेह व्यक्त किया जा रहा था, जिसके बाद यह शिकायत जनपद तक पहुँची। अब प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लिया जाएगा।