प्रेस क्लब का दीपावली मिलन समारोह आयोजित विश्रामगृह में हुआ आयोजन
चांपा
स्थानीय पंजीकृत संस्था प्रेस क्लब चांपा का दीपावली मिलन समारोह विगत दिनों विश्रामगृह के नवीन भवन में नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल तथा पालिका में नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय के विशेष आतिथ्य में आयोजित किया गया।
इस मौके पर नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि नगर के मीडिया कर्मियों से उनके पुराने पारिवारिक संबंध रहे है। जब कभी भी उनके या उनके परिवार के सहयोग की मीडिया को आवश्यकता होगी तो वे सदैव तत्पर रहेंगे। पालिका के नेता प्रतिपक्ष हरीश पाण्डेय ने कहा कि वे स्वयं प्रेस क्लब का हिस्सा है इस नाते जब भी क्लब को उनके सहयोग की जरूरत होगी तो वे सदैव अपने योगदान के लिए तैयार रहेंगे। समारोह के अंत में सभी सदस्यों के लिए स्वल्पाहार रखा गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष कुलवंत सिंह सलूजा तथा अंत में आभार प्रदर्शन पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्यता प्रभारी शैलेश कुमार शर्मा ने किया। इस अवसर पर राजेश तिवारी, विवेक शर्मा, गौरव गुप्ता, जतिंदर पाल सिंह , संतोष प्रधान एवं विक्रम तिवारी मौजूद थे।