जगदलपुर के बाद अब गरियाबंद में हथियार डालेंगे नक्सली
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 210 नक्सलियों के सरेंडर के बाद अब गरियाबंद में भी नक्सलियों ने हथियार डालने की घोषणा की है। उदंती एरिया कमेटी के नक्सली लीडर सुनील ने पर्चा जारी कर इसकी जानकारी दी है। साथ ही अपने साथियों से भी हथियार डालने की अपील की है।
सुनील ने लिखा सशस्त्र आंदोलन को विराम दिया है। इन सभी ने सरकार को अपने हथियारों को सौंप दिया है। हथियार बंद संघर्ष को विराम देने के लिए सोनू ने बुकलेट जारी किया है। जिसमें लिखा है कि आज की परिस्थितियों में सशस्त्र आंदोलन चलाना मुश्किल है। अभी हमारे पास मौका है। पहले हमें बचना है, उसके बाद संघर्ष आगे बढ़ाना है।
नक्सल लीडर सुनील ने पर्चे में आगे लिखा है कि फोर्स का दबाव ज्यादा बढ़ गया है। जिस तरह से क्रांति को चला सकते थे, उस तरह से क्रांति को नहीं चला पाए। सेंट्रल कमेटी सही समय पर निर्णय नहीं ले सकी।सभी साथी हथियार बंद को विराम देकर जनांदोलनों के साथ रहकर जनता की समस्याओं को हल करने का प्रयास करेंगे।
वहीं गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि, मैंने पहले भी कई बार सरेंडर करने कहा था, जिसका असर दिख रहा है। बचे नक्सलियों से भी हथियार के साथ आत्मसमर्पण करने की अपील की है। मुझसे भी किसी नक्सली को संपर्क करना हो तो कर सकते हैं, उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी होगी।