राज्य

उप संचालक कृषि पर अभद्र व्यवहार का आरोप, विभागीय स्टाफ ने कार्य बहिष्कार किया

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली(बिहान छत्तीसगढ़ ) 

जिले के कृषि विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब उप संचालक कृषि, मुंगेली श्री एम.आर. तिग्गा पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा। इसके विरोध में विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य से विरत हो गए हैं।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 अक्टूबर 2025 को कृषि विभाग के ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी सहित समस्त मैदानी अमले ने अपनी समस्याओं को लेकर उप संचालक श्री तिग्गा से भेंट की थी। बताया गया कि बैठक के दौरान स्टाफ की समस्याएँ सुनने के बजाय उप संचालक द्वारा अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया और अपशब्द कहे गए।

कर्मचारियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी समीक्षा बैठकों में इस प्रकार का व्यवहार कई बार सामने आ चुका है। दिनांक 03 जनवरी 2025 को भी उप संचालक के खिलाफ कलेक्टर, जिला मुंगेली को विभागीय स्टाफ द्वारा लिखित शिकायत की गई थी, परंतु कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से असंतोष बढ़ता जा रहा है।

विभागीय कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि उप संचालक के असंवेदनशील रवैये और अनुचित आचरण के चलते वे अब उनके नेतृत्व में काम करने में असमर्थ हैं। कर्मचारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि 03 अक्टूबर 2025 से सभी विभागीय और गैर विभागीय कार्य पूरी तरह बंद रहेंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी उप संचालक कृषि, मुंगेली की होगी।

इस पूरे मामले ने जिले के कृषि विभाग में खलबली मचा दी है। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन इस विवाद पर क्या कदम उठाता है।

Leave Your Comment

Click to reload image