नगरपालिका परिषद प्रांगण एवं महाराणा प्रताप बस स्टैंड में वैदेही गुप्ता ने चलाया स्वच्छता अभियान
चांपा।
स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नगर की युवा समाजसेवी वैदेही गुप्ता ने नगरपालिका परिषद चांपा के प्रांगण और महाराणा प्रताप बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की और वहां मौजूद नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।
वैदेही गुप्ता ने कहा कि “स्वच्छता सिर्फ सरकार या नगरपालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो हमारा शहर और अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बन सकता है।”
स्वच्छता अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ नगरपालिका कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने बस स्टैंड पर फैली गंदगी को साफ कर यात्रियों को स्वच्छ वातावरण प्रदान करने का प्रयास किया।
इस अवसर पर वैदेही गुप्ता ने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों से अपील करते हुए कहा कि वे छोटी-छोटी आदतों से स्वच्छता की शुरुआत करें, जैसे कचरा सड़क पर न फेंककर डस्टबिन का उपयोग करना और प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करना। उन्होंने कहा कि यदि समाज का हर वर्ग जागरूक होकर जिम्मेदारी निभाए तो चांपा को प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगरों में गिना जा सकता है।
अभियान के दौरान लोगों ने वैदेही गुप्ता के प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि वे भी अपने स्तर पर स्वच्छता को बढ़ावा देंगे।