राज्य

लव जिहाद की फंडिंग का आरोपी पार्षद गिरफ्तार

इंदौर

लव जिहाद के लिए फंडिंग के आरोपी इंदौर के कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को पुलिस ने जम्मू कश्मीर से गिरफ्तार किया है। उस पर हिंदू लड़कियों को फंसाने के लिए एक लाख और निकाह करने के लिए दो लाख रुपए मुस्लिम युवकों को देने के आरोप हैं।

पुलिस ने इससे पहले सोमवार को अनवर की बेटी आयशा को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दिल्ली में दबिश दी थी, तब अनवर फरार हो गया था। उसे श्रीनगर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है।

हालांकि, इंदौर पुलिस ने अनवर की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। अनवर कादरी की गिरफ्तारी पर एडिशनल डीसीपी रामसनेही मिश्रा ने बताया हमारी टीमें लगी हुई हैं। अगर गिरफ्तार किया जाता है तो सूचित कराया जाएगा। अनवर कादरी की बेटी आयशा के पास से हमें काफी जानकारी मिली है। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां होगी।

सोमवार को आयशा की गिरफ्तारी से पहले कई महिलाएं क्राइम ब्रांच के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करने पहुंची थीं। उनका आरोप था कि बेटियों को जबरन फंसाया जा रहा है। अनवर की गिरफ्तारी नहीं होने के चलते पुलिस अब परिवार को निशाना बना रही है।

अनवर कादरी के परिवार के लोगों का कहना है कि आयशा की गिरफ्तारी कानूनी रूप से पूरी तरह गलत है। वह वकील होने के नाते जमानत की अर्जी की तैयारी कर रही थी, ऐसे में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आयशा खुद पेशे से वकील है और दिल्ली में रहकर सिविल जज की पढ़ाई की तैयारी कर रही है।

उसकी छोटी बहन भी दिल्ली से वकालत की तैयारी कर रही है। पुलिस को मोबाइल में अनवर के साथ उसकी कोई बातचीत नहीं मिली, तो उसे वहीं छोड़ दिया गया। छोटी बहन ने ही इंदौर में परिवार को आयशा के पकड़े जाने की जानकारी दी थी। बाणगंगा पुलिस को फिलहाल आयशा का 3 अगस्त तक का रिमांड मिला हुआ है।

Leave Your Comment

Click to reload image